
बिलासपुर . चकरभाठा थानांतर्गत चकरभाठा बस्ती में पंचायत के एक ठेकेदार को 6 लाख 80 हजार रुपए लोन दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने ऑनलाइन 80 हजार रुपए ठग लिए। शिकायत पर पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। चकरभाठा पुलिस के अनुसार, चकरभाठा बस्ती निवासी भागवत पिता देवीलाल कौशिक ग्राम पंचायत में नल आपरेटर उपलब्ध कराने ठेका लेता है। एक एक अखबार में उसने महिन्द्रा फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का विज्ञापन देखा, जिसमें मुर्गी, पशु, ईट भ_ा व्यवसाय आरंभ करने के लिए लोन उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई थी। साथ ही 2 फीसदी ब्याज और 30 फीसदी छूट मिलने की बात कही गई थी। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर 9193335414 और 9105514434 पर 18 जनवरी 2108 को संपर्क करने पर कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने भागवत को कंपनी के ईमेल आईडी पर आधार कार्ड, पेन कार्ड, 10वीं की अंकसूची, बैंक पास बुक और एकाउंट नंबर भेजने के लिए कहा।
दस्तावेज मेल करने के बाद भागवत के मोबाइल पर एक मैसेज आया जिसमें 6 लाख 80 हजार रुपए लोन स्वीकृत होने की जानकारी दी गई। लोन स्वीकृति के बाद मोबाइल नंबर 9582990367 से भागवत को किसी महिला का कॉल आया। उसने डीडी, ट्रांसफर, टैक्स और बीमा का चार्ज के रूप में 80 हजार रुपए कंपनी के किसी पंकज कुमार के एकाउंट नंबर 20346624619 में जमा करने कहा। भागवत ने उक्त एकाउंट में 80 हजार रुपए जमा कर दिए। इसके बाद कथित कंपनी व उसके एजेंट का मोबाइल बंद हो गया। पैसा जमा करते ही मोबाइल नंबर 91933335414 बंद हो गया। दो दिन बाद भागवत का उक्त नंबर पर संपर्क हुआ तो उसने अपने पैसे लौटाने के लिए कहा। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने उसे रकम देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।