
बिलासपुर . राजनीति में महिलाओं को बहुत कम अवसर मिलता है। अवसर भी उन महिलाओं को दिया जाता है जो ज्यादातर सक्षम नहीं होती है। सक्षम महिलाओं को आगे आने के लिए बहुत ज्यादा संघर्ष करना पड़ता है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं को महत्व देती है। हमारी पूर्व पार्टी अध्यक्ष भी महिला ही रही है इसलिए महिलाओं को अवसर देने का प्रयास शुरू से ही किया जाता रहा है। इस पार्टी ने ही सबसे पहले महिला विधेयक की बात की। कांग्रेस महिलाओं को बराबरी का अवसर देती है। यह बातें सोमवार को पत्रिका टॉपिक ऑफ द डे में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री जयश्री शुक्ला ने महिलाओं की राजनीति में स्थिति पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कही।
महिलाओं की राजनीति में स्थिति पर प्रस्तुत किए विचार
पत्रिका टॉपिक ऑफ द डे में सोमवार को महिलाओं की राजनीति में स्थिति पर चर्चा की गई। इस चर्चा में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री जयश्री शुक्ला ने कहा कि राजनीति में महिलाओं को अवसर कम मिलता है। जबकि आधी आबादी महिलाओं की है इसके बाद भी अवसर नहीं मिलता है। महिलाओं को हमेशा पुरुषों की लाइन से पीछे रखा जाता है। उन्होंने कहा कि राजनीति में छवि बहुत महत्वपूर्ण होती है। किसी एक महिला की छवि खराब है तो दूसरों को भी उसी तरह समझना गलत होता है। कहते है ना एक गंदी मछली पूरे तालाब को गंदा कर देती है। लेकिन ऐसा समझना गलत है क्योंकि हर महिला के अपने संस्कार, अपनी संस्कृति व नैतिकता होती है। इसलिए सबको एक तरह से आंकना गलत होता है। उन्होंने महिलाओं को राजनीति में सक्रिय रूप से आगे आने के लिए आर्थिक रूप से सबल होने पर जोर दिया। क्योंकि आर्थिक कमी के कारण ही महिलाएं पीछे हो जाती है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सबल होने के बाद ही राजनीति में आना चाहिए। इससे वे सक्रिय रूप से राजनीति में कार्य कर सकती है।
0 पद का सदुपयोग करे ताकि हमेशा ले आपका नाम
उन्होंने बिलासपुर शहर के लिए कहा कि पद प्राप्त करने के बाद कार्य करना चाहिए। उसका सदुपयोग करना चाहिए। क्योंकि पैसा साथ लेकर कोई नहीं जाता है। आप जो काम करेंगे वह हमेशा ही याद किया जाएगा। इस लिए मंत्रीजी भी अपने पद का इस्तेमाल सही तरह से कर शहर के विकास के लिए कार्य करे। ताकि लोग उनको हमेशा ही याद कर सके। पद का सही इस्तेमाल न करना गलत है।