
cg weather update : पूर्व से आ रही गर्म हवाओं का असर एक बार फिर से शहर समेत आसपास के क्षेत्र के मौसम में पड़ा। शुक्रवार को सुबह से दोपहर धुंध छाई रही, लेकिन इसके विपरीत अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग ने पूर्वी हवाओं के कारण तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
शुक्रवार को सुबह की शुरूआत के साथ शहर समेत आसपास के क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। धूप खिलने के बाद भी कोहरे पर कोई असर नहीं हुआ और दोपहर करीब 2 बजे तक शहर समेत आसपास के क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। सुबह मार्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों को 6 बजे तक सड़क पर कुछ दिखाई नहीं दिया।
लोगों को टार्च लेकर मॉनिंग वॉक पर निकलना पड़ा। पूर्वी गर्म हवाओं के आने के कारण शु₹वार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहने के साथ अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहने के साथ न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
तापमान में बढ़ोतरी की संभावना...
मौसम विज्ञानी एचपी चन्द्रा के अनुसार प्रदेश में पूर्व से अपेक्षाकृत गर्म और नमी युक्त हवा के आगमन हो रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 30 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि का दौर प्रारंभ होने की संभावना बनी हुई है।
एक जनवरी से बारिश की संभावना...
मौसम विज्ञानी चन्द्रा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभ मंडल में में स्थित है। प्रदेश के सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में हल्के बादल रह सकते हैं। प्रदेश में 1 जनवरी से वर्षा का दौर प्रारंभ होने की संभावना है। एक और दो जनवरी को प्रदेश के सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में वर्षा होने की संभावना है। 3 जनवरी से वर्षा के क्षेत्र में धीरे-धीरे दक्षिण की ओर आगे बढ़ने की संभावना बन रही है।