
(बोकारो): Coronavirus का कहर चरम पर है। जान बचाने के समय पर भी लोग आपराधिक वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। झारखंड के बोकारो जिले में 25 कोरोना वायरस पॉजिटिव हैं। यह संख्या बढ़ भी सकती है। इतनी भयावह स्थिति होने के बाद भी यहां बड़ी चोरी की घटना करके हथियार बंद चोर फरार हो गए।
पहले बंधक बनाया, फिर किया हाथ साफ...
बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र की कथारा ऑफिसर कॉलोनी में शुक्रवार देर रात यह घटना हुई। बदमाशों ने बड़े ही फिल्मी स्टाइल से इस वारदात को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार 8 की संख्या में हथियारों से लैस बदमाश बाहर के गेट पर लगा ताला तोड़कर सहदेव महतो के घर में घुसे। उनके दो व्यवसायी पुत्र गौतम कुमार और अभय कुमार भी उनके साथ ही रहते है। इस दौरान सभी लोग घर में सो रहे थे। बदमाशों ने हथियार का डर दिखाते हुए पहले सभी परिवार वालों के हाथ बांध दिए। इसके बाद घर के सारे कोनो को छान मारा। लगभग 1 घंटे की छानबीन में उन्होंने सोने चांदी के जेवरात और छ हजार रुपए नदगी इकट्ठा कर ली। लुटेरों के दो साथी इस दौरान बाहर इंतजार करते रहे।
घर से निकलते समय बदमाशों ने सभी के मोबाइल भी ले लिए और गेट को बाहर से बंद करके निकल गए। बताया गया है कि इसके बाद बदमाश पैदल ही घटना स्थल से फरार हो गए। पीड़ित परिवार के गौतम ने किसी तरह गेट खोला और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। इसके बाद शनिवार सुबह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ने का आश्वासन दिया गया है।