
बॉलीवुड इंडस्ट्री में मिस्टर परफेक्टनिस्ट के रूप में जाने जाने वाले अभिनेता आमिर खान और टीम इंडिया के युवा कप्तान विराट कोहली एक दिवाली स्पेशल चैट शो के लिए एक साथ आए। इस स्पेशल चैट शो को शूट करने के लिए जहां दंगल स्टार आमिर को खासतौर पर सिंगापुर से लाया गया जबकि विराट कोहली वहां पहले से ही मौजूद थे।
उत्सव विशेष एपिसोड की शूटिंग के दौरान दोनों ने एक-दूसरे के साथ बहुत अच्छा खासा समय बिताया। आमिर खान ने विराट कोहली को स्मृति चिन्ह के रूप में एक खास उपहार दिया, 'दंगल का क्लैपबोर्ड'! बहुत कम लोग जानते है कि आमिर को अपनी फिल्मों के क्लैपबोर्ड इकट्ठा करने का शौक है। विराट कोहली ने भी आमिर को भारतीय क्रिकेट टीम की एक जर्सी भेंट की।
इस मौके पर आमिर के साथ, उनके बेटे आजाद खान भी थे जो विराट कोहली के बड़े प्रशंसक हैं। आजाद, विराट से मुलाकात के लिए बड़े उत्साहित थे और जब विराट ने उन्हें अपने हस्ताक्षर वाला बल्ला भेंट किया तो उनकी खुशी का कोई ठिकाना ही नहीं था। यह स्पेशल शो दिवाली वीक के दौरान टेलीविजन पर प्रसारित होगा। इस स्पेशल चैट शो को 'सीक्रेट सुपरस्टार' की रिलीज से पहले प्रमोशन वाली उल्टी गिनती की शुरुआत कहा जा सकता है।
म्यूजिक पर आधारित फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' एक किशोरी में छिपे सुपरस्टार को बाहर लाने की कहानी पर आधािरत बताइर् जा रही है। जो एक सिंगर बनने का सपना देख रही यह लड़की अपनी पहचान को छिपाए रखते हुए कैसे अपने सपने को पूरा करती है, फिल्म में यही दिखाया गया है।
आमिर खान, किरण राव की ओर से निर्मित आमिर खान प्रोडक्शंस, जी स्टूडियोज और आकाश चावला के बैनर तले 'सीक्रेट सुपरस्टार' अद्वैत चंदन लिखित-निर्देशित फिल्म है। ये फिल्म इस साल 19 अक्टूबर को रिलीज होने के लिए तैयार है। आमिर खान अपनी इस फिल्म के हिट होने की पहले ही घोषणा कर चुके हैं।