
फराह खान (फोटो सोर्स- IMDb)
Farah Khan On Young Actors: बॉलीवुड की मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान ने आज के नए कलाकारों के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि मौजूदा दौर के एक्टर्स में आत्मविश्वास की कमी है। यही वजह है कि वे फिल्मों के निर्देशन से लेकर गानों की कोरियोग्राफी, म्यूजिक और कास्टिंग तक में दखल देने लगे हैं। फराह के मुताबिक, आज के कलाकारों को अपने निर्देशकों और फिल्म बनाने की प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है। उन्होंने शाहरुख खान, सलमान खान, अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन जैसे सितारों को बॉलीवुड का आखिरी सुपरस्टार बताया है।
फराह खान ने ये बातें नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में बातचीत के दौरान कहीं। आज के कलाकारों के रवैये पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर के एक्टर्स को किसी पर भरोसा नहीं है। उन्हें अपने डायरेक्टर पर भी विश्वास नहीं होता। वे गानों की कोरियोग्राफी खुद करना चाहते हैं और म्यूजिक से लेकर कास्टिंग तक में दखल देते हैं।
फराह के मुताबिक, ऐसा व्यवहार तब सामने आता है, जब किसी कलाकार को खुद पर भरोसा नहीं होता। उनका मानना है कि अगर एक्टर्स अपने काम और काबिलियत को लेकर आश्वस्त हों तो वे निर्देशक के फैसलों पर भी विश्वास करेंगे।
अपनी बात समझाने के लिए फराह खान ने शाहरुख खान के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म 'मैं हूं ना' के लिए जब उन्होंने सुष्मिता सेन को कास्ट करने का फैसला किया, तब शाहरुख खान ने कोई सवाल नहीं उठाया। उस समय सुष्मिता किसी बड़ी हीरोइन के तौर पर स्थापित नहीं थीं, लेकिन शाहरुख ने फराह के फैसले पर भरोसा किया।
इसी तरह फिल्म 'ओम शांति ओम' के लिए जब फराह ने एक नई लड़की को लेने की बात कही तो शाहरुख ने इसमें भी कोई दखल नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ दीपिका पादुकोण की तस्वीर देखी और कहा कि अगर फराह को वह सही लगती हैं तो उन्हें भी कोई परेशानी नहीं है।
फराह खान ने कहा कि सुपरस्टार बनने के लिए सिर्फ लोकप्रियता काफी नहीं होती, बल्कि खुद पर विश्वास और लगातार मेहनत करना भी जरूरी है। उन्होंने शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और सलमान खान का उदाहरण देते हुए कहा कि ये कलाकार आज भी अपनी पहली फिल्म के समय जैसी मेहनत करते हैं। इनमें से कुछ तो अब पहले से भी ज्यादा मेहनत कर रहे हैं।
सलमान खान की तारीफ करते हुए फराह ने कहा कि वह कभी छुट्टी की मांग नहीं करते और न ही रविवार को शूटिंग करने से मना करते हैं।
फराह ने उन कलाकारों की भी आलोचना की, जो सेट पर पहुंचने के बाद फिल्म के अलग-अलग हिस्सों में बदलाव की मांग करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि कलाकार का काम अपना किरदार निभाना और डायलॉग याद करके सेट पर आना है। बाकी चीजें निर्देशक और उनकी टीम का काम हैं।
फराह ने कहा कि उन्होंने कई कलाकारों के साथ उनकी पहली फिल्म में काम किया है। लेकिन कुछ कलाकार पांचवीं फिल्म तक पहुंचते-पहुंचते खुद को सबकुछ जानने वाला समझने लगते हैं। उनके आसपास भी ऐसे लोग जमा हो जाते हैं, जो उन्हें लगातार प्रभावित करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज के कलाकार मैगजीन कवर और अवॉर्ड फंक्शन में नजर आना चाहते हैं, लेकिन उनके पास दिखाने के लिए अच्छी फिल्मों की कमी है। फराह के मुताबिक, बॉलीवुड में सुपरस्टार्स का दौर अब खत्म हो चुका है। शाहरुख, सलमान, अमिताभ और अक्षय जैसे सितारे इस दौर के आखिरी सुपरस्टार हैं। दर्शकों को उन्हें तब तक एंजॉय करना चाहिए, जब तक वे फिल्मों में काम कर रहे हैं।
फराह खान के अपकमिंग प्रोजेक्ट की बात करें तो वह 2026 के आखिर तक अपनी अगली डायरेक्टोरियल फिल्म पर काम शुरू करने की योजना बना रही हैं। उन्होंने अपने एक व्लॉग में बताया था कि बच्चों के कॉलेज जाने के बाद वह फिल्म बनाने पर ध्यान देंगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर शाहरुख खान उनकी अगली फिल्म में काम करते हैं, तभी वह इसे डायरेक्ट करना चाहेंगी। वरना वह इस प्रोजेक्ट के लिए इंतजार करना पसंद करेंगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
6 Nov 2026, 1:38 PM IST
Published on:
6 Nov 2026, 1:38 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन




