
मुंबई। निर्देशक राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म 'रंग दे बसंती' को रिलीज हुए 15 साल हो चुके हैं। आमिर खान, शरमन जोशी, सिद्धार्थ, सारा अली खान, कुणाल कपूर और आर माधवन की प्रमुख भूमिकाओं वाली इस फिल्म ने बॉक्स आफिस पर धूम मचा दी थी। आमिर सहित फिल्म के सभी कलाकारों की पॉपुलैरिटी कई गुना बढ़ गई थी। क्या आप जानते हैं कि फिल्म के किरदार करण सिंघानिया जो सिद्धार्थ ने प्ले किया, इसे पहले ऋतिक रोशन सहित कई बड़े स्टार्स को ऑफर किया गया था। इस बात का खुलासा मेहरा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'द स्ट्रेंजर इन द मिरर' में किया है।
फरहान, अभिषेक से लेकर ऋतिक तक को दिया ऑफर
राकेश ओमप्रकाश मेहरा अपनी किताब में लिखते हैं कि इस मूवी में करण सिंघानिया के रोल के लिए फरहान अख्तर, अभिषेक बच्चन से लेकर ऋतिक रोशन तक को अप्रोच किया गया था, लेकिन हर फेमस ऐक्टर ने इस रोल को करने से मना कर दिया था। मैंने पहली बार फरहान अख्तर को इसकी पेशकश की थी। उस समय तक उन्होंने किसी फिल्म में एक्टिंग नहीं की थी। वे सम्मानित युवा डायरेक्टर्स में से एक थे। इसलिए जब मैंने उन्हें इस रोल के लिए ऑफर किया तो वे हैरान हो गए थे। जब मैंने अभिषेक को किरदार के बारे में बताया, तो उसने भी मुझे मना कर दिया था।'
आमिर को भेजा ऋतिक के घर
मेहरा ने अपनी किताब में बताया है कि ऋतिक से रोल के बारे में बात करने के लिए आमिर खान को भेजा गया था। वे लिखते हैं,' मैंने आमिर से इस बारे में बात की और कहा कि आप ही करण सिंघानिया के रोल के लिए ऋतिक से बात करें। आमिर, ऋतिक के घर गए और कहा कि 'फिल्म अच्छी है, कर ले'। लेकिन ऋतिक ने बात नहीं मानी। आखिरकार महीने भर पहले साउथ स्टार सिद्धार्थ को साइन किया गया। हमने उनकी फिल्म 'बॉयज' देखी थी। फिल्म के सभी कलाकारों के योगदान की वजह से हम इतनी शानदार फिल्म बनाने में कामयाब हो पाए।'