
मशहूर एक्टर गिरीश कर्नाड (Girish Karnad ) का सोमवार को निधन हो गया। वह 81 साल के थे। एक्टर लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक का माहौल है। सोमवार की सुबह मल्टीपल ऑर्गेन फेल होने की वजह से उनका निधन हुआ। बता दें, उन्होंने सलमान खान के साथ फिल्म 'एक था टाइगर' और 'टाइगर जिंदा है' जैसी फिल्मों में भी काम किया था। यह उनकी आखिरी फिल्म थी।
जाने-माने कन्नड़ साहित्यकार के निधन पर पीएम नरेन्द्र मोदी ने भी खेद प्रकटा किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'गिरीश कर्नाड को सभी माध्यमों में उनके बहुमुखी अभिनय के लिए याद किया जाएगा। उनके काम आने वाले वर्षों में लोकप्रिय होते रहेंगे। उनके निधन से दुखी हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।'
गिरीश शुरुआत से ही थिएटर से जुड़े रहे थे। एक नाटककार के तौर पर वह थियेटर की दुनिया में जाना-पहचाना चेहरा थे। गिरीश कर्नाड को 1978 में रिलीज हुई फिल्म 'भूमिका' के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला था। उन्हें 1998 में साहित्य के प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ अवॉर्ड से नवाजा गया था। वह कर्मशियल सिनेमा के भी जाना पहचाना चेहरा रहे।