एक्ट्रेस मनीषा कोइराला (Manisha Koirala) ने इस विवाद पर अपनी बात रखते हुए नेपाल का समर्थन किया है। उन्होंने ट्वीट के जरिए अपनी बात कही, जिससे उनके भारतीय फैंस भड़क उठे।
नई दिल्ली: भारत (India) और नेपाल (Nepal) के बीच इन दिनों सीमा को लेकर विवाद चल रहा है। अब इस मामले में एक बार फिर मनीषा कोइराला (Manisha Koirala) का नाम सामने आ रहा है। एक्ट्रेस मनीषा कोइराला ने इस विवाद पर अपनी बात रखते हुए नेपाल का समर्थन किया है। उन्होंने ट्वीट के जरिए अपनी बात कही, जिससे उनके भारतीय फैंस भड़क उठे।
दरअसल, हाल ही में नेपाली संसद में नया नक्शा (Nepal New Map) पारित किया गया, जिसमें भारत के कुछ हिस्सों को उन्होंने अपना बताया। नेपाल ने भारत के तीन इलाकों कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को अपने नक्शे में शामिल किया था। नेपाल इन इलाकों पर अपना दावा पेश करता रहा है। जबकि ये इलाके भारत के हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच इन दिनों तनाव बढ़ा हुआ है। अब मनीषा के ट्वीट ने लोगों में और गुस्सा भर दिया है।
मनीषा कोइराला ने ट्वीट (Manisha Koirala Tweet) करते हुए लिखा, 'क्षेत्रीय संप्रभुता, राजनीतिक संप्रभुता और आर्थिक संप्रभुता एक संप्रभुत राज्य के बराबर होती है। आइए इस पर विचार करें।' उनके इस ट्वीट पर लोगों ने उन्हें आड़े हाथों लिया। एक यूजर ने ट्वीट करते हुए लिखा, क्या आप नेपाल को लेकर बात कर रही हैं? इसके जवाब में मनीषा ने लिखा- 'मैं बस यह सोच रही थी कि इन मोर्चों पर नेपाल आज कहां है और भविष्य में कहां होगा। हम अतीत को तो जानते हैं। यह नहीं कह रही कि यह अच्छा है या बुरा है। बस सोच रही हूं।'
उनके इस ट्वीट पर जब बवाल मचने लगा तो उन्होंने अपनी सफाई देते एक और ट्वीट किया। मनीषा ने लिखा, 'मेरा दिल से एक अनुरोध है कि प्लीज आप आक्रामक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल मत करिए.. हम इस परिस्थिति में एक- दूसरे के साथ हैं.. हमारी सरकारें इस मुद्दे का समाधान कर लेंगी। इस दौरान हम सभ्य बर्ताव कर सकते हैं। मैं पूरी तरह से आशान्वित हूं।'