
Amit Sana On Indian Idol: 'इंडियन आइडल' के पहले सीजन के रनर-अप रहे अमित सना एक बार फिर सिंगिंग रियलिटी शो में वापसी कर रहे हैं। वह ‘इंडियन आइडल- लीजेंड्स रिटर्न’ में नजर आएंगे। करीब दो दशक बाद शो से दोबारा जुड़ने को लेकर अमित सना ने अपने पुराने अनुभवों के साथ-साथ बॉलीवुड के माहौल पर भी खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि मुंबई आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के माहौल को समझना उनके लिए आसान नहीं था और कई बार उन्हें काफी दबाव महसूस हुआ।
'स्क्रीन' को दिए इंटरव्यू में अमित सना ने बताया कि वह एक छोटे शहर से आते हैं और मुंबई की बड़ी पार्टियों और वहां के माहौल के साथ शुरुआत में खुद को सहज नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि वह लोगों की बातों पर भरोसा कर लेते थे, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि हर पार्टी में कुछ लोग अपनी उपलब्धियों और पहचान को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं।
अमित ने बॉलीवुड में मौजूद असुरक्षा की भावना का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, कई लोग खुद को किसी ऐसे व्यक्ति से जोड़ने की कोशिश करते हैं, जो उनसे ज्यादा सफल हो और फिर अपने फायदे के लिए दूसरों से कुछ करवाने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से उन्हें कई बार दबाव महसूस हुआ।
सिंगर ने यह भी स्वीकार किया कि उनके करियर के दौरान ऐसे कई गाने थे, जिन्हें वह खुद नहीं गाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें कुछ चीजें पसंद नहीं थीं, लेकिन परिस्थितियों के कारण उन्हें ऐसा करना पड़ा।
अमित सना इससे पहले फिल्म इंडस्ट्री को ‘फेक’ बता चुके हैं। अपने पुराने बयान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह मुंबई आए थे, उस समय बॉलीवुड का संगीत जगत एक बदलाव के दौर से गुजर रहा था। प्रीतम और विशाल-शेखर जैसे संगीतकार नई पीढ़ी के तौर पर सामने आ रहे थे।
अमित ने कहा कि यह उनके लिए एक ट्रांजिशन का दौर था, लेकिन उस समय उन्हें बॉलीवुड का माहौल खास पसंद नहीं आया। उन्होंने खुद को उस माहौल में ढालने में भी मुश्किल महसूस की।
‘इंडियन आइडल’ के पहले सीजन के दौरान अमित सना से जुड़ा वोटिंग विवाद भी काफी चर्चा में रहा था। 2024 में सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में अमित ने दावा किया था कि शो के दौरान सोनी टीवी ने उनकी वोटिंग लाइन्स ब्लॉक कर दी थीं, जिसकी वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
अब करीब 20 साल बाद इस विवाद को याद करते हुए अमित ने कहा कि वह मामला उस समय उनके परिवार की भावनाओं से जुड़ा हुआ था। हालांकि, अब वह उस पुराने विवाद को पीछे छोड़ना चाहते हैं।
अमित ने मौजूदा समय में सोनी टीवी के व्यवहार की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि इस बार शो में उन्हें काफी सम्मान और महत्व दिया जा रहा है। उनके मुताबिक, अब वह पहले की तुलना में काफी अलग अनुभव कर रहे हैं।
‘इंडियन आइडल- लीजेंड्स रिटर्न’ में पुराने सीजन के कई प्रतियोगी दोबारा नजर आ रहे हैं। शो को दो चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में हिमेश रेशमिया जज की भूमिका में हैं और 24 पुराने प्रतियोगी जोड़ी बनाकर मुकाबला करेंगे।
इन जोड़ियों का मूल्यांकन साथी प्रतियोगियों के स्कोर और एक गुप्त जज के स्कोर के आधार पर होगा। जीतने वाली जोड़ी शो के दूसरे चरण में मेंटर की भूमिका निभाएगी और नए प्रतिभागियों को ऑडिशन के दौरान मार्गदर्शन देगी।
अमित सना के लिए यह वापसी सिर्फ एक रियलिटी शो में लौटना नहीं है, बल्कि यह दिखाने का मौका भी है कि करीब 20 साल में एक कलाकार और इंसान के तौर पर उनमें कितना बदलाव आया है।