
Amitabh Bachchan Threat: दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (SFJ) की ओर से नई धमकियां मिली हैं। इस संगठन का नेतृत्व घोषित आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू करता है। इस ग्रुप ने अपने समर्थकों से 19 से 27 नवंबर के बीच मुंबई में अभिनेता के घर 'जलसा' के बाहर इकट्ठा होने को कहा है और 'खालिस्तानी जलसा' आयोजित करने पर 11 लाख रुपये देने का ऑफर दिया है।
पन्नू ने बच्चन के घर के बाहर 'खालिस्तान जलसा' आयोजित करने पर 11 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। उसने 1984 के सिख-विरोधी दंगों की याद दिलाते हुए मुंबई में सिख समुदाय के लोगों से इस जमावड़े में शामिल होने की अपील की है।
बॉलीवुड के इस दिग्गज अभिनेता को संबोधित करते हुए पन्नू ने एक क्रिप्टिक पोस्ट में लिखा, 'बच गए या फंस गए?' उसने यह भी आरोप लगाया है कि अक्टूबर 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद बच्चन ने जो टिप्पणियां की थीं, उनके लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
बता दें कि साल 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद अमिताभ बच्चन पर उनके खिलाफ भड़काऊ नारे लगाने के आरोप लगे थे। इसको लेकर लंबे समय से विवाद होता रहा है। हालांकि, एक्टर ने इन आरोपों का हमेशा खंडन किया है। अब SFJ प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक बार फिर इस पुराने विवाद को लेकर अमिताभ बच्चन पर निशाना साधा है और उन्हें 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े आरोपों के लिए जिम्मेदार ठहराने की मांग की है।
SFJ और पन्नू ने बच्चन को निशाना बनाते हुए कई बार इन दावों को उठाया है। पिछले साल अक्टूबर में पंजाबी सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ एक विवाद में फंस गए थे, जब 'कौन बनेगा करोड़पति' में शामिल होने के दौरान उन्हें अमिताभ बच्चन के पैर छूते हुए देखा गया था। जहां कई लोगों ने इसे सम्मान के तौर पर देखा, वहीं खालिस्तानी समूह 'सिख्स फॉर जस्टिस' (SFJ) ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी। समूह के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने अमिताभ बच्चन पर 1984 के दंगों के दौरान हिंसा भड़काने का आरोप लगाया और दोसांझ के इस कदम को उस त्रासदी के "हर पीड़ित का अपमान" बताया था। इस घटना के बाद, इसी संगठन ने 1 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बाधा डालने की धमकी भी दी थी।
एक अलग घटना में, अमिताभ बच्चन और उनके बेटे, अभिनेता अभिषेक बच्चन को जान से मारने की धमकियां मिली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने 17 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए पिता-पुत्र की इस जोड़ी को निशाना बनाते हुए चेतावनी दी थी। अपनी फेसबुक पोस्ट में धमकी देते हुए लिखा गया था, 'जितने मर्जी बुलेटप्रूफ ग्लास के केबिन बनवा ले, वो भी नहीं बचा पाएगा।'
इस पोस्ट ने मनोरंजन जगत में चिंता बढ़ा दी है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अमिताभ बच्चन पर हमले की कथित साजिश के सिलसिले में मुंबई से दो संदिग्ध शूटर्स को गिरफ्तार किया है। जानकारी के लिए बता दें कि बीते 2 महीनों में ये चौथी बार है जब सदी के महानायक को इस तरह से जान से मारने की धमकी मिली है।