
नई दिल्ली: कोरोना वायरस (Coronavirus) अब तक दुनिया भर में लाखों लोगों की जान ले चुका है। भारत में इसका प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वहीं इस वायरस के चलते इससे जुड़ी कई अफवाहें भी उड़ रही हैं। जिसमें एक अफवाह है कि जानवरों से भी कोरोना फैलता है। इसके बाद कई ऐसे मामले सामने आए थे, जिसमें लोगों ने अपने पालतू जानवरों को छोड़ दिया। अब इसी पर बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor) का रिएक्शन सामने आया है। अर्जुन कपूर ने एक वीडियो के जरिए लोगों से अपील की है कि अपने पालतू जानवरों को बेसहारा न छोड़ें।
अर्जुन कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट (Arjun Kapoor Instagram) से एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने अपने डॉगी मैक्स के बारे में बताया है। अर्जुन ने कहते हैं 'मैक्स है तो चार साल का लेकिन सबका बाप है बाप। मैक्स किसी की नहीं सुनता और जो मन में आया करता है। सच में कुछ नहीं करता। उसके लिए मैं और अंशुला खर्चा करते हैं, वो हमारे ऊपर राज करता है, और अपनी हर इच्छा पूरी करने के लिए हमें आदेश देता है। किसी काम का नहीं है, लेकिन हमारे परिवार का सदस्य है।'
अर्जुन ने आगे कहा कि 'हमारे देश में कोरोना का प्रकोप बढ़ता जा रहा है ऐसे में मुझे पढ़ने और सुनने को मिल रहा है कि कोरोना के डर से लोग अपने पालतू जानवरों को बेसहारा छोड़ रहे हैं। मेरा दिल टूटता है। अपने पालतू जानवरों को नहीं छोड़ें, क्योंकि वो कभी आपको नहीं छोड़ते।'
अर्जुन कपूर का ये वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। आपको बता दें कि इससे पहले अर्जुन कपूर का एक और वीडियो वायरल हो रहा था। जिसमें वह किचन में केक बनाने की तैयारी कर रहे थे तो उनके साथ उनका डॉगी मैक्स भी मौजूद था। इस वीडियो में भी दोनों का प्यारा बॉन्ड साफ-साफ देखा जा सकता है।