
Ayushmann Khurrana Threat: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिलने का मामला सामने आ रहा है। ऑडियो मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है और एक्टर से करोड़ों रुपये की मांग की है। धमकी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या उसने सिर्फ गैंग का नाम इस्तेमाल किया है।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो क्लिप भेजी गई है। इसमें एक व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया और अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग की। पुलिस फिलहाल इस ऑडियो की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच में मैसेज भेजने वाले की पहचान और उसके दावों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑडियो में बताई गई पहचान के आधार पर उसकी आवाज का मिलान पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद संबंधित आरोपी की आवाज से किया जा रहा है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि धमकी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या कोई व्यक्ति गैंग के नाम का गलत इस्तेमाल कर रहा है।
यह पहला मौका नहीं है जब किसी बॉलीवुड अभिनेता को इस तरह का धमकी भरा संदेश मिला हो। कुछ दिन पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी एक ऑडियो मैसेज भेजा गया था। उस मैसेज में भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में उस ऑडियो के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी।
इससे पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी भी लॉरेंस गैंग ने ली थी। इस मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है और पुलिस जांच कर रही है।
फिल्मी सितारों को धमकी मिलने की घटनाओं में अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ का नाम भी सामने आ चुका है। दोनों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी।
आयुष्मान खुराना को मिले ताजा धमकी भरे ऑडियो को देखते हुए पुलिस इन घटनाओं के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इन सभी मामलों के पीछे एक ही गिरोह है या अलग-अलग लोग नाम बदलकर फिल्मी सितारों को निशाना बना रहे हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना आखिरी बार सारा अली खान के साथ फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे। इस कॉमेडी ड्रामा में उन्होंने एक पाकिस्तानी एजेंट का किरदार निभाया था, जो अपनी याददाश्त खो देता है। फिल्म में उनके अभिनय की तारीफ हुई थी।
फिलहाल आयुष्मान को मिली धमकी के मामले में मुंबई पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ऑडियो की सत्यता, भेजने वाले की पहचान और लॉरेंस गैंग से उसके कथित संबंधों की पुष्टि करने में जुटी है।