
राजेश खन्ना को लेकर केसी बोकाडिया ने किया खुलासा (Photo Source- ANI)
KC Bokadia On Rajesh Khanna Last Days: भारतीय सिनेमा के इतिहास में जब भी 'पहले सुपरस्टार' की बात आती है, तो सिर्फ राजेश खन्ना का नाम आता है। अपने दौर में सफलता के ऐसे आसमान पर बैठने वाले 'काका' ने सिनेमाघरों के बाहर प्रशंसकों की लंबी कतारें और ऐसा क्रेज देखा, जो आज भी हिंदी सिनेमा के लिए एक मिसाल है। उनकी एक झलक पाने के लिए लोग बेताब रहते थे। लेकिन, उनके जीवन का आखिरी दौर उतना ही अकेलापन और दर्दभरा था। राजेश खन्ना के आखिरी दिनों को लेकर मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक केसी बोकाडिया (K.C. Bokadia) ने खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अभिनेता पछतावे में रहने लगे थे।
केसी बोकाडिया ने ANI संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि राजेश खन्ना अपने दौर के बेहद स्वाभिमानी और 'शेर दिल' इंसान थे, लेकिन जिंदगी के ढलान और अंतिम दिनों में उन्हें भारी मानसिक तकलीफों का सामना करना पड़ा था। बोकाडिया साहब के मुताबिक, राजेश खन्ना खुद इस बात को स्वीकार करते थे और पछतावे की आग में जलते थे।
केसी बोकाडिया ने कहा, 'काका अक्सर मुझे कहा करते थे, बोकाडिया साहब, यह सब मेरी ही गलती है। मैंने अपने शुरुआती और सुनहरे दिनों में फिल्म निर्माताओं और प्रोड्यूसर्स को इग्नोर किया था, उन्हें अहमियत नहीं दी थी... आज मुझे उसी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है और यही मेरी सजा है।"
निर्माता ने बेहद दर्दनाक खुलासा करते हुए बताया कि अपने आखिरी दिनों में राजेश खन्ना बिल्कुल अकेले पड़ गए थे। मुंबई के लिंकिंग रोड पर उनका जो ऑफिस था, वहां उनके पास मिलने के लिए कोई नहीं आता था। वह पूरे-पूरे दिन अकेले वहां खड़े रहते थे, सिगरेट पर सिगरेट फूंकते रहते थे और उनका पूरा दिन उसी खामोशी व तन्हाई में बीत जाता था। सफलता के उस शिखर के बाद यह अकेलापन किसी भी इंसान को अंदर से तोड़ देने के लिए काफी था।
इसी बातचीत के दौरान केसी बोकाडिया से जब अभिनेत्री रेखा को लेकर बात की गई तो उन्होंने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने रेखा की फिल्म 'फूल बने अंगारे' के क्लाइमैक्स का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि आखिरी में जब रेखा घोड़े पर सवार होकर विलेन बने प्रेम चोपड़ा को मारती हैं तो उस समय उस सेट पर 50,000 लोगों की भीड़ थी और घोड़ा उसमें घुस गया था।”
उन्होंने आगे कहा, रेखा नीचे गिर गईं, लेकिन तुरंत उठ गईं। वह आज की एक्ट्रेसेस की तरह नहीं हैं। वह एक शानदार और हिम्मतवाली अभिनेत्री हैं। आजकल की हीरोइन को जरा सा कुछ हो जाए तो दिक्कत कर देती हैं, लेकिन रेखा ऐसी नहीं थीं। रेखा जैसी अभिनेत्री पूरे बॉलीवुड में कोई नहीं हो सकती। इसके साथ ही उन्होंने अभिनेता राजकुमार के जानी कहने का भी किस्सा सुनाया।
केसी बोकाडिया ने बताया कि अभिनेता राजकुमार का एक डॉग था, जिसका नाम जानी था और वह उससे बहुत प्यार करते थे। इसी वजह से वह शूटिंग के दौरान या निजी जीवन में ज़्यादातर लोगों को प्यार से 'जानी' कहकर ही पुकारते थे।
Updated on:
4 Nov 2026, 2:00 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 1:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.