4 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘फिल्म बनाने में दिल, मेहनत और जुनून सब लगा दिया’, ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा हुए भावुक, मुंबई में हुई स्क्रीनिंग

Namit Malhotra Emotional: फिल्म 'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा हाल ही में फिल्म की स्क्रीनिंग में काफी इमोशनल हो गए। नमित ने भावुक होते हुए कहा कि ये फिल्म सभी ने मिलकर जुनून से बनाई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Himanshu Soni

•

Updated: 4 Nov 2026, 11:07 AM IST

Ramayana Part 1 Release

रामायण (फोटो सोर्स- IMDb)

Ramayana Part 1 Release: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म की मुंबई में खास स्क्रीनिंग रखी गई, जहां निर्माता नमित मल्होत्रा दर्शकों को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने इस बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने में लगी पूरी टीम की मेहनत, जुनून और समर्पण का जिक्र किया। नमित ने फिल्म को अपनी ‘दिल की धड़कन’ बताते हुए कहा कि इसे बनाना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा है।

नमित मल्होत्रा ने टीम की मेहनत को किया याद

फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद नमित मल्होत्रा ने वहां मौजूद लोगों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह टीम के लिए बहुत बड़ा दिन है, क्योंकि लंबे समय से जिस फिल्म पर काम चल रहा था, अब उसे दर्शकों के सामने पेश करने का समय आ गया है। उन्होंने खुशी जताई कि दुनिया भर में फिल्म की रिलीज से पहले मुंबई के दर्शकों को इसे दिखाने का मौका मिला।

नमित ने कहा, 'यह बहुत बड़ा दिन है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि आखिरकार यह सब हो रहा है और हम इस फिल्म को दुनिया के सामने ला रहे हैं।' उन्होंने बताया कि टीम समय पर वापस पहुंचने में सफल रही, ताकि स्क्रीनिंग के जरिए फिल्म को दर्शकों के साथ साझा किया जा सके।

'फिल्म बनाने में दिल, मेहनत और जुनून लगा है'

नमित मल्होत्रा ने फिल्म के निर्माण से जुड़े कलाकारों और पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में सभी ने अपना दिल लगाया है। उनके मुताबिक, फिल्म बनाने में कितनी मेहनत और सच्चा जुनून लगा है, इसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं है।

उन्होंने कहा, “इसे शब्दों में जाहिर करना मुश्किल है, क्योंकि हम जानते हैं कि इस फिल्म को बनाने में कितना दिल, मेहनत और सच्चा जुनून लगा है।” उनका यह बयान सुनकर वहां मौजूद लोगों ने भी टीम के प्रयासों की सराहना की।

आशीष चंचलानी ने फिल्म को बताया भव्य

मुंबई स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को लेकर शुरुआती प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कंटेंट क्रिएटर आशीष चंचलानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने ‘रामायण: पार्ट 1’ को बेहद भव्य स्तर पर बनी फिल्म बताया।

आशीष ने फिल्म के विजुअल्स और बड़े स्तर पर फिल्माए गए एक्शन दृश्यों की तारीफ की। उन्होंने मुख्य कलाकारों के अभिनय को भी सराहा। इसके साथ ही निर्देशक नितेश तिवारी को फिल्म की सबसे बड़ी खूबियों में से एक बताया।

रणबीर कपूर राम और यश बनेंगे रावण

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण: पार्ट 1’ का निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे।

फिल्म की स्टारकास्ट में रवि दुबे, सनी देओल, लारा दत्ता, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय और अनुपम खेर भी शामिल हैं। बड़े बजट और शानदार कलाकारों वाली इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। मुंबई स्क्रीनिंग के बाद सामने आई शुरुआती प्रतिक्रियाओं ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।