अलका सही मायने में सफलता मिली माधुरी दीक्षित के गाने 'एक दो तीन...' से। इस गाने ने एक साथ माधुरी और अलका को रातों-रात सुपरस्टार बना दिया था।
बॉलीवुड की मशहूर सिंगर अलका याग्निक आज अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं। अलका का जन्म 20 मार्च 1966 को कोलकाता के एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उनकी मां शुभा याग्निक एक क्लासिकल सिंगर थीं। अलका ने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा अपनी मां से ही ली। अलका की कामयाबी के पीछे सबसे बड़ा हाथ अनुराधा पौडवाल का है। अनुराधा के इंडस्ट्री से आउट होते ही अलका ने अपनी जगह बॉलीवुड में बना ली।
अनुराधा के गलत फैसले ने अलका को बनाया स्टार:
एक समय था जब अनुराधा पौडवाल को बॉलीवुड इंडस्ट्री की अगली लता मंगेशकर कहा जाता था, लेकिन शायद किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अनुराधा के एक गलत फैसले की वजह से उनका पूरा कॅरियर ही बर्बाद हो गया। उन्होंने मीडिया के सामने ये बात कह दी थी कि वो अब सिर्फ गुलशन कुमार की कंपनी टी-सीरिज के लिए ही गाएंगी। उनका लिया गया यह फैसला उनके लिए ही घातक बन गया। इसके बाद उन्होंने किसी और के लिए कभी गाना नहीं गाया था। जिसका फायदा उस वक्त स्ट्रगल कर रही अलका को मिला। इसके बाद अनुराधा पौडवाल को मिलने वाले सारे गाने अलका ने गाए। वहीं अनुराधा का कॅरियर खत्म हो रहा था तो अलका सुपर स्टार बन रही थीं।
6 साल की उम्र में शुरू किया काम:
अलका याग्निक ने मात्र 6 साल की उम्र में ही काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो में बतौर भजन गायक के तौर पर अपने कॅरियर की शुरुआत की।
एक गाने ने बनाया रातों-रात सुपरस्टार:
अलका ने अपना पहला प्लेबैक गाना 'पायल की झंकार से' महज 14 साल की उम्र में गाया था। लेकिन उनको सही मायने में सफलता मिली माधुरी दीक्षित के गाने 'एक दो तीन...' से। इस गाने ने एक साथ माधुरी और अलका को रातों-रात सुपरस्टार बना दिया था। इस गाने के लिए अलका को उनकी लाइफ का पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।
कई भाषाओं में गाया गाना:
अलका ने अपने कॅरियर में करीब 1100 से भी ज्यादा गाने गाए। उन्होंने माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी , काजोल और जूही चावला जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों की आवाज को अपनी आवाज बना ली। अलका ने हिन्दी के अलावा अवधी, गुजराती, उड़िया, राजस्थानी, पंजाबी, मराठी, अंग्रेजी कई भाषाओं में गाना गाया।