
कॉफी विद करण में करण जौहर और अक्षय कुमार की फोटोज। (फोटो सोर्स: @karanjohar/instagram)
Karan Johar and Akshay Kumar on 8-Hour Work Shift: फिल्म निर्माता करण जौहर ने फिल्म इंडस्ट्री में दीपिका पादुकोण की 8 घंटे के शिफ्ट की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने इसे दीपिका का अधिकार बताया और सवाल उठाया कि आखिर इस मुद्दे पर इतनी चर्चा क्यों हो रही है। 'कॉफी विद करण' सीजन 9 में बात करते हुए, करण ने फिल्म सेट पर अक्षय कुमार के अनुशासन की भी तारीफ की। उन्होंने अक्षय की सुबह जल्दी उठने की दिनचर्या और काम के प्रति उनके रवैये का जिक्र किया। बात दें कि यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब दीपिका की 'फिक्स वर्किंग ऑवर्स की मांग को लेकर बहस चल रही है।
करण जौहर ने अक्षय कुमार की सुबह जल्दी उठने की दिनचर्या से जुड़ी अफवाहों को खारिज करते हुए, सेट पर एक्टर के डिसिपीलीन के बारे में बात की। करण ने बताया, "जब मैंने अक्षय के साथ अपनी पहली फिल्म की थी, तब अक्सर ऐसी बातें सुनने को मिलती थीं कि अक्षय कुमार ऐसा करते हैं, वैसा करते हैं। सच कहूं तो, मैंने कभी किसी इंसान को इतनी कड़ी मेहनत करते नहीं देखा। उनकी सुबह 5 बजे मीटिंग होती हैं। उन्हें अपनी स्क्रिप्ट पूरी तरह याद होती है, वे हमेशा निर्देशक को सपोर्ट करते हैं और निर्माता की जरूरतों का भी पूरा ध्यान रखते हैं। वे इकलौते ऐसे सुपरस्टार हैं जो नए निर्देशकों को मौका देते हैं, और यह एक ऐसी बात है जिसके लिए उन्हें कभी उतना क्रेडिट नहीं मिला, जितना मिलना चाहिए।"
करण जौहर ने कहा, 'महिला कलाकारों को भी अपने काम के घंटे तय करने की उतनी ही आजादी होनी चाहिए, जितनी पुरुष कलाकारों को है। उन्होंने दीपिका पादुकोण के उस फैसले का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के लिए कुछ सीमाएं तय की हैं। "और मुझे लगता है कि मेरी बात भी यही है, एक प्रोड्यूसर के तौर पर, मैं इसका सम्मान करता हूं। और इसीलिए मैं दीपिका पादुकोण के फैसले का भी सम्मान करता हूं। जब वह ऐसा कुछ कहती हैं, तो मुझे समझ नहीं आता कि इसे इतना बड़ा मुद्दा क्यों बना दिया जाता है। यह उनका अधिकार है। उन्होंने यह अधिकार अपनी मेहनत से कमाया है। वह एक मेहनती महिला हैं। वह एक मां हैं, एक पत्नी हैं, एक प्रोफेशनल हैं, और उनकी अपनी पर्सनल लाइफ भी है। अगर आप ऐसी मांग कर सकते हैं, तो वह क्यों नहीं कर सकतीं? "
अक्षय कुमार ने करण जौहर के नजरिए से पूरी सहमति जताई। उन्होंने एक्टर्स के लिए आठ घंटे की शिफ्ट वाले मॉडल का समर्थन किया और कहा कि अनुशासित और समयबद्ध तरीके से शूटिंग करने से सेट पर मौजूद सभी लोगों को फायदा होता है, और इससे क्रिएटिव आउटपुट पर भी कोई बुरा असर नहीं पड़ता।
यह चर्चा तब शुरू हुई जब दीपिका पादुकोण की आठ घंटे की शिफ्ट की मांग फिल्म इंडस्ट्री में एक बड़ा मुद्दा बन गई। मई 2025 की रिपोर्ट्स के अनुसार, काम के घंटों और अन्य प्रोफेशनल शर्तों को लेकर मेकर्स के साथ मतभेद होने के कारण उन्होंने फिल्म 'स्पिरिट' छोड़ दी थी। कुछ महीनों बाद, प्रोडक्शन हाउस 'वैजयंती मूवीज' ने घोषणा की कि दीपिका 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी, क्योंकि दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके।
दीपिका ने कई इंटरव्यू में इस बहस पर बात की। उन्होंने तर्क दिया कि आठ घंटे की शिफ्ट की मांग कोई अनुचित मांग नहीं है। एक इंटरव्यू में, दीपिका पादुकोण ने कहा, "भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कई पुरुष कलाकार हैं जो सालों से 8 घंटे की शिफ्ट में काम कर रहे हैं, और इस बात की कभी कोई चर्चा नहीं हुई। मुझे नहीं लगता कि मैं जो मांग रही हूं, वह कुछ बहुत ही अनुचित है। मुझे लगता है कि जो व्यक्ति इस सिस्टम में काफी समय तक काम कर चुका है, वही समझ सकता है कि हम किन हालात में काम करते हैं। मैं यह बात एक 'टॉप स्टार' के तौर पर कह रही हूं… तो सोचिए कि क्रू के बाकी लोगों के लिए काम करने के हालात कैसे होंगे।"
'कॉफी विद करण' सीजन 9 के आने वाले एपिसोड में अक्षय कुमार, अभिनेता-राजनेता रवि किशन के साथ 'कॉफी काउच' पर नजर आएंगे। हाल ही में जारी प्रोमो में दोनों कलाकार एक-दूसरे के साथ मजाक-मस्ती करते दिख रहे हैं, जिसमें रवि, अक्षय को अपने वायरल डांस स्टेप्स सिखा रहे हैं। करण जौहर ने बताया है कि इस एपिसोड के लिए इन दोनों को एक साथ लाना अक्षय का ही आइडिया था। 'कॉफी विद करण' सीजन 9 हर बुधवार शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होता है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन




