
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने ऐसे कई गाने और एलबम गाए है जिन्हें सुनने के बाद आप उनमें ही खो जाएंगे। उनकी आवाज का आज हर कोई दीवाना है। बहरहाल, सोनू निगम आज अपना 45 वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म हरियाणा के फरीदाबाद में 30 जुलाई, 1973को हुआ था। वह आज जिस मुकाम पर हैं उसके लिए उन्होंने कई मुसीबतों का सामना किया है। उन्हें बचपन से ही गायकी का शौक था। सोनू अपनी गायकी से मशहूर तो हुए मगर उनसे जुड़े कुछ ऐसे विवाद रहे है जिन पर काफी बवाल मचा था। एक बार तो एक म्यूजिक कंपनी से झगड़ा होने के बाद उन्होंने सिंगिंग से सन्यास भी लेने की बात कह दी थी। तो आइए आज हम आपको ऐसे ही उनसे जुड़े कुछ विवादों के बारे में बताते हैं।
अजान विवाद
सभी विवादो में सबसे ज्यादा अजान पर विवाद हुआ था। यह विवाद पिछले साल ही हुआ था। इस पर सोनू निगम को सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जमकर ट्रोल किया था। इसके पिछे वजह यह थी कि उन्होंने अजान को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने लिखा था कि लाउडस्पीकर से दी जाने वाली अजान के कारण उनकी नींद खराब होती है। वह इस धार्मिक कट्टरता को बर्दाश्त क्यों करें। ऐसा करना तो सरासर गुंडागर्दी है। उनके इस बयान का कुछ स्टार्स ने सपोर्ट भी किया था।
किसान आत्महत्या पर विवाद
गौरतलब है कि अप्रैल 2015 में सोनू निगम ने कुमार विश्वास को किसान आत्महत्या मामले में सपोर्ट किया था। उन्होंने एक बड़े मीडिया ग्रुप का वीडियो शेयर किया था और कहा था कि उसमें आवाज डब्ड की गई है और इसे ऐसा रुप दिया गया है कि मामले का आरोप कुमार विश्वास पर लगे। हालांकि इसके बाद उस मीडिया ग्रुप ने उन पर बैन लगा दिया था। लेकिन लोगों ने सोनू का ही साथ दिया था।
म्यूजिक कंपनी से विवाद
एक म्यूजिक कंपनी से झगड़े के बाद सोनू निगम ने संगीत से सन्यास लेने की भी बात कही थी। सोनू ने इस बात को भी ट्विटर पर उठाया था। हालांकि इसमें भी लोगों ने उनका ही सपोर्ट किया था और अपना फैसला वापस लेने के लिए कहा था। इसके बाद सोनू ने ये फैसला वापस ले लिया था।
राधे मां का सपोर्ट
खुद को देवी बताने वाली राधे मां का सपोर्ट करने के मामले में सोनू निगम फंस चुके हैं। साल 2015 में सोनू ने राधे मां के समर्थन में लगातार तीन ट्वीट कर उनका बचाव किया था और उनकी तुलना काली मां से कर डाली थी। इसके बाद उन्हें काफी विवाद का सामना करना पडा़ था।