बॉलीवुड

पालघर मॉब लिंचिंग पर फूटा बॉलीवुड सितारों का गुस्सा, यहां पढ़े किसने क्या-क्या कहा…

बॉलीवुड के सितारे भी इस घटना पर गुस्सा जाहिर किया है। सोशल मीडिया पर लोग इस दर्दनाक और शर्मनाक घटना पर विरोध जता रहे हैं।
3 min read
Apr 21, 2020
 raveena tandon, javed akhtar, swara bhaskar
raveena tandon, javed akhtar, swara bhaskar

एक तरफ देश जहां महामारी कोरोना वायरस की जंग में जूझ रहा है। वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के पालघर में मॉब लिचिंग की घटना ने सभी को हिला कर रख दिया है। पालघर में जूना अखाड़े के दो साधुओं सहित तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर जहां आम लोगों में रोष है, तो वहीं बॉलीवुड के सितारे भी इस घटना पर गुस्सा जाहिर किया है। सोशल मीडिया पर लोग इस दर्दनाक और शर्मनाक घटना पर विरोध जता रहे हैं।

कंगना रनौत
एक्‍ट्रेस कंगना रनौत ने इस मामले पर अपना गुस्‍सा जाहिर किया है। कंगना रनौत की टीम ने ट्विटर पर लिखा, 'पालघर में हुई मॉब लिंचिंग की घटना द‍िल दहला देने वाली है। हमारे राष्‍ट्र निर्माण में साधूओं का एक बहुत बड़ा हाथ है। कंगना रनौत इस अमानवीय घटना की कड़ी निंदा करती है जिसमें पालघर में साधुओं की हत्‍या हुई। सिर्फ कमजोर ही बुजुर्गों पर हाथ उठाते हैं।' अपने इस पोस्‍ट के साथ कंगना की टीम ने #JusticeForSadhu हैशटैग भी शेयर किया हैं।

जावेद अख्तर
अब गीतकार जावेद अख्तर की राय सामने आई है। जावेद अख्तर ने कहा, 'दो साधुओं और उनके ड्राइवर की हत्या के लिए जो लोग भी जिम्मेदार हैं, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। सभ्य समाज में बर्बर और जघन्य अपराध के लिए सहिष्णुता नहीं होनी चाहिए।'

स्वरा भास्कर
एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने ट्वीट के जरिए महाराष्ट्र में हुई इस घटना पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। स्वरा भास्कर ने ट्वीट करते हुए कहा, 'पालघर, बेहद निंदनीय। एक समाज के तौर पर हमारा शर्मनाक प्रतिबिंब।' स्वरा ने आगे लिखा, 'शायद यही समय है रिफ्लेक्शन का। जब आप सांस्कृतिक हिंसा को बढ़ावा देते हैं और सड़कों पर भीड़ के न्याय को सामान्य समझते हैं, तो एक दिन वह आपके घर भी आ जाता है। यह हमारे समाज में एक बीमारी है जिसे पनपने और विकराल रूप अख्तियार करने दिया गया है।

अनुराग कश्यप
वहीं, निर्देशक अनुराग कश्यप ने लिखा कि इसमें भी हिंदू-मुसलमान ऐंगल ना ढूँढे। रिपोर्ट पढ़ें। लगभग 100 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनकी निंदा तो करेंगे ही जो उस भीड़ में थे लेकिन उससे ज्यादा निंदा उस माहौल की करूंगा जो इस देश में बनाया जा चुका है, जिसका यह सीधा नतीजा है।

रवीना टंडन
इस घटना से रवीना टंडन बहुत आहत हैं। उन्होंने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। रवीना ने लिखा है, 'टीवी पर बुर्जुग साधु की हत्या के दृश्य बहुत परेशान कर देने वाले हैं। शक के आधार पर, उन्हें निर्दयता से पीट-पीटकर मार डाला गया। ये बहुत बहुत परेशान करने वाला है। पुलिस वहां क्या कर रही थी? वो बस चले गए थे?'

रवि किशन
भोजपूरी स्टार रवि किशन ने भी अपने ट्विटर पर इस घटना की कड़ी निंदा की हैं। उन्होंने इस घटना पर ट्वीट करते हुए पुलिस पर निशाना साधा है। एक्टर ने लिखा- ‘पूरा जीवन सनातन धर्म वाले साधु मार दिए गए. पुलिस मूक दर्शक बनी रही क्यों ?’

सोनाक्षी सिन्हा
सोनाक्षी सिन्हा ने अपने ट्वीट में लिखा है, 'पालघर मॉब लिंचिंग मानवता को बेहद खराब हालात में दिखाती है। किसी की जिंदगी खत्म कर देना बेहद डरावना है, इसमें धर्म और प्रोफेशन से कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें ऐसे समय में दूसरों की मदद को आगे आना चाहिए ना कि लड़ाई को बढ़ावा देना चाहिए। उम्मीद है न्याय होगा।'

जीशान अय्यूब
इस मामले पर ट्वीट करते हुए जीशान अय्यूब ने लिखा, 'पालघर लिंचिंग के बाद भी अगर हम ये मान रहे हैं कि हम लोगों में इंसानियत बाकी है तो माफ कीजिए, मैं आपकी इस बात से इत्तेफाक नहीं रखता। इस देश को आप लोगों ने नफरत से जला दिया

फरहान अख्तर
इससे पहले अभिनेता फरहान अख्तर ने इस मामले में ट्वीट करते हुए लिखा था, 'इस हिंसा की कड़ी निंदा करता हूं, जिसने पालघर में 3 लोगों की जान ले ली। उपद्रवी भीड़ की समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए और मुझे आशा है कि हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया है और न्याय भी जल्द से जल्द दिया जाएगा।'

गौरतलब है कि पालघर में दो साधु समेत तीन लोगों की पीट-पीटकर हत्या की गई है। पालघर में हुई इस घटना को लेकर महाराष्ट्र की उद्धव सरकार सवालों के घेरे में है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। वहीं उद्धव सरकार ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए है, साथ ही 110 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। जिनमें से 101 को 30 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और नौ नाबालिगों को एक किशोर आश्रय गृह में भेज दिया गया है।

Updated on:
21 Apr 2020 01:54 pm
Published on:
21 Apr 2020 01:54 pm