Genelia Dsouza On Thalapathy Vijay: बॉलीवुड अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने हाल ही में तमिलनाडु में थलापति विजय को मिली जीत को गर्व कराने वाला बताया।
Genelia Dsouza On Thalapathy Vijay: साउथ सुपरस्टार विजय की राजनीति में ऐतिहासिक जीत के बाद फिल्म इंडस्ट्री से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने भी विजय की चुनावी सफलता पर खुशी जाहिर की है। जेनेलिया ने कहा कि ये सिर्फ एक नेता की जीत नहीं बल्कि तमिलनाडु के लोगों की उम्मीदों और विश्वास की जीत है। क्या कुछ कहा है जेनेलिया ने, चलिए जानते हैं।
विजय लंबे समय से दक्षिण भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते रहे हैं। करोड़ों फैंस के बीच उनकी लोकप्रियता पहले से ही जबरदस्त थी, लेकिन राजनीति में कदम रखने के बाद लोगों की नजरें उन पर और ज्यादा टिक गईं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी तमिलागा वेत्री कजगम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी बनकर सबको चौंका दिया।
पार्टी ने 108 सीटों पर जीत दर्ज कर तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया। कई दशकों से राज्य की राजनीति पर पकड़ बनाए हुए द्रविड़ दलों को इस बार कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
जेनेलिया डिसूजा ने 'इंडिया टुडे' के साथ बातचीत में विजय की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि विजय लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, वह अपने आप में बहुत बड़ी बात है।
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि विजय हमेशा अपने काम को लेकर बेहद ईमानदार और समर्पित रहे हैं। चाहे फिल्मों की शूटिंग हो या लोगों से जुड़ाव, विजय हर चीज को गंभीरता से लेते हैं। शायद यही वजह है कि लोग उन्हें सिर्फ एक अभिनेता नहीं बल्कि भरोसेमंद चेहरा मानते हैं।
जेनेलिया और विजय की जोड़ी को पर्दे पर भी काफी पसंद किया गया था। दोनों ने 2005 में आई फिल्म 'सचिन' में साथ काम किया था। इसके बाद दोनों 2011 की फिल्म 'वेलायुधम' में भी नजर आए।
इन फिल्मों के दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी। जेनेलिया ने कहा कि विजय हमेशा अपने साथ काम करने वाले कलाकारों का सम्मान करते हैं और सेट पर बेहद सहज माहौल बनाकर रखते हैं।
विजय की राजनीति में एंट्री लंबे समय से चर्चा में थी। उनके फैंस लगातार चाहते थे कि वह जनता के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। अब चुनावी जीत के बाद माना जा रहा है कि तमिलनाडु की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो चुका है।
फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार भी विजय की सफलता पर उन्हें बधाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके समर्थक इस जीत को ऐतिहासिक बता रहे हैं। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह जीत आने वाले समय में दक्षिण भारतीय राजनीति की दिशा बदल सकती है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो जेनेलिया हाल ही में फिल्म 'राजा शिवाजी' में नजर आई हैं। इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म का निर्देशन उनके पति रितेश देशमुख ने किया है। फिल्म में रितेश ने छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार निभाया है।
फिल्म में शिवाजी महाराज के शासनकाल और मुगलों के खिलाफ संघर्ष को दिखाया गया है। दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला है।