
Dharmendra Old Interview: फिल्म इंडस्ट्री के कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जिनको सिर्फ उनके काम और किरदारों से ही नहीं बल्कि उनके व्यक्तित्व से भी पहचान जाता है। धर्मेंद्र, हिंदी सिनेमा के ऐसे ही अदाकरों में से एक थे। बॉलीवुड के ही-मैन कहे जाने वाले धर्मेंद्र ने फिल्मों में हर तरह के किरदार निभाए। कभी वो रोमांटिक हीरो बनकर हीरोइन के साथ गाना गाते दिखे तो कभी कॉमेडी करते हुए नजर आए। कभी हीरोइन को सताने वाले बदमाशों के साथ हाथापाई करते दिखे, तो कभी डाकू बनकर लोगों को डराते हुए नजर आए। फिल्मी दुनिया के इतर अगर उनकी रियल लाइफ और उनकी शख्सियत पर बात करें तो वो जमीन और अपनी मिटटी से जुड़े शख्स थे।
बॉलीवुड में एक्शन हीरो की बात हो और धर्मेंद्र का नाम न आए ऐसा हो नहीं सकता। मजबूत बॉडी, दमदार डायलॉग डिलीवरी, और अपने अलग अंदाज से लाखों-करोड़ों दिलों को जीतने वाले धर्मेंद्र को उनके चाहने वाले और इंडस्ट्री 'ही-मैन', 'गरम-धरम' और 'ग्रीक गॉड' जैसे नामों से बुलाती थी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि धर्मेंद्र की जिस खूबसूरती और शख्सियत के लोग दीवाने थे, उसे लेकर वो खुद सहज नहीं थे। और इस बात का खुलासा उन्होंने 2018 में बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में खुद ही किया था।
आइए आज धर्मेंद्र की पुण्यतिथि पर जानते हैं कि उस इंटरव्यू में अभिनेता ने क्या कहा था।
इस बायतचीत के दौरान शोले एक्टर ने बड़ी ही सादगी भरे अंदाज में कहा था, "जितना मुझे कहते हैं ना कि मैं खूबसूरत हूं, उतना ही मैं एम्बैरेस फील करने लगता हूं। मुझे लगता है, यार ऐसा क्या है? फिर उन्होंने आगे कहा था, "फिर मैं सोचता हूं, यार कहते हैं तो शायद होगा।"
बातचीत के दौरान अभिनेता ने बताया था, "मैं तो अपनी खूबियों में भी खामियां ढूंढता रहता हूं। ऐसा इसलिए कि कहीं मैं अपने चाहने वालों के उस मुकाम को खो ना दूं, जो उन्होंने मुझे दे रखा है।" इसके आगे उन्होंने कहा, 'लोग बहुत कुछ कहते हैं, ही-मैन कहते हैं, गरम-धरम कहते हैं, ग्रीक गॉड तक कह देते हैं। प्यार करने वाले लोग प्यार ही चाहते हैं। मेरे हिसाब से मोहब्बत एक ऐसा जज्बा है जो दिलों में घर कर जाता है। मुझे ऐसा लगता है कि आप लोगों ने मुझे अपने दिलों में बसा लिया है।" लेकिन धर्मेंद्र के लिए इन तमाम नामों से बढ़कर अपने चाहने वालों का प्यार था।
धर्मेंद्र ने अपनी जिंदगी के एक अहम पहलू पर भी बात की जो उनको बाकी कलकारों से अलग बनाती है, वो है उनको अपनी मिट्टी से जुड़ाव। जमीन से जुड़े होने की बात पर उन्होंने कहा, 'यार, मैं अपनी जड़ों से दूर नहीं हो सकता। माय रूट्स… आई एम कनेक्टेड विद माय सॉइल, और बड़ी वह मां है मेरी। तो उससे जुड़े रहना अच्छा लगता है। इसलिए मैंने खेती भी करता रहता हूं। गाय-भैंसें भी रख छोड़ी हैं, बतखें, मुर्गियां सब रख छोड़ी हैं। तो एक माहौल में एक ताजगी, खूबसूरती रहती है, एक बचपना सा रहता है।
एक तरफ दुनिया उन्हें बड़े पर्दे का ही-मैन मानती थी, तो दूसरी तरफ धर्मेंद्र को खेतों में वक्त बिताने और पशु-पक्षियों के बीच रहने में खुशी मिलती थी। उनका मानना था कि इससे खूबसूरत जिंदगी और क्या हो सकती है? फिल्मों में नाम, पैसा और शोहरत कमाने के बावजूद उनका मन हमेशा अपनी जड़ों से जुड़ा रहा। उन्हें गांव का माहौल, खेतों की हरियाली और पशु-पक्षियों के बीच वक्त बिताना पसंद था। धर्मेंद्र एक ऐसे अभिनेता थे जिनको अपनी तारीफ सुनकर संकोच होता था, वो अपनी खूबियों में भी कमियां ढूंढ लेते थे और नाम और शोहरत मिलने के बाद भी अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी में शान्ति और सुकून तलाशते थे।