Dhurandhar 2 Actor Manav Gohil: 'धुरंधर' एक्टर मानव गोहिल ने एक इंटरव्यू में बताया कि फिल्म में रणवीर सिंह और आर माधवन के काम करना एक टीम वर्क और बिना अहम वाला अनुभव था। उन्होंने बताया कि आर माधवन ने उनकी डायलॉग्स डिलीवर करने और गाइड करने में मदद की. वहीं, रणवीर सिंह बहुत विनम्र और सपोर्टिव थे।
Dhurandhar 2 Actor Manav Gohil: इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री और इंडस्ट्री के बाहर अगर किसी की चर्चा हो रही है तो वो है आदित्य धर और रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' की। फिल्म के कलाकार हों या दूसरे एक्टर्स सब फिल्म की पीक डिटेलिंग, एक्टिंग, गानों और कहानी की बात कर रहा है। फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन भी फिल्म की बम्बर सफलता की गवाही दे रहा है। फिल्म के छोटे-छोटे किरदारों को निभाने वाले एक्टर्स को भी उनके अभिनय के लिए तारीफ मिल रहीं है। वो भी खुलकर 'धुरंधर 2' के अपने एक्सपिरियंसेस को शेयर कर रहे हैं। ऐसे ही एक एक्टर हैं मानव गोहिल, जिन्होंने फिल्म में सुशांत बंसल का किरदार निभाया है ने रणवीर सिंह और आर माधवन के साथ काम और स्क्रीन शेयर करने के अपने अनुभव के बारे में बात की है।
FPJ के साथ एक इंटरव्यू में धुरंधर एक्टर मानव गोहिल ने सेट के माहौल के बारे में खुलकर बात की। मानव ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर आर माधवन और रणवीर सिंह दोनों ही बहुत सपोर्टिव थे. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले के मामले में हम सभी एक थे। जब हम बाहर निकले तो लोगों के बीच हमारी अलग-अलग स्थिति थी, लेकिन सेट के अंदर हम सभी अपने-अपने किरदार में थे। मेरे ज्यादातर सीन आर माधवन के साथ थे। और मैंने उनसे सीखा है कि वो कितने कॉंफिडेंट एक्टर हैं। वो बहुत ही आत्मविश्वास से भरे अभिनेता हैं। वो मुझे अपनी लाइनें देते थे और कहते थे, 'शायद यह लाइन मानव को बोलनी चाहिए।' उन्होंने अपनी ही स्क्रिप्ट से एक लाइन निकाली और कहा, 'ठीक है, चलो इसे मानव को दे देते हैं क्योंकि यह बेहतर लगेगा,' क्योंकि इससे बातचीत होगी। इसलिए मुझे लगता है कि माधवन एक हीरा हैं। यहां तक कि रणवीर भी, उनमें कोई इनसिक्योरिटी का भाव नहीं है। वो हक जमाने वाले या घमंड दिखाने वाले एक्टर नहीं हैं। और मैंने अपने करियर में चाहे वो टीवी हो या फिल्म अहंकारी और रौब जताने वाले बहुत एक्टर्स देखे हैं। लेकिन धुरंधर के सेट पर मुझे रणवीर जैसा आत्मविश्वासी अभिनेता मिला, वो बहुत ही सहज हैं। वो दिल के बहुत अच्छे हैं।
इसके आगे उन्होंने बताया कि 'रणवीर आपसे ऐसे बात नहीं करेंगे जैसे वो रणवीर सिंह हों। वो आपको गले लगाएंगे और कहेंगे, 'मानव सर, क्या सीन था।' वो बिल्कुल बच्चे जैसे हैं। और आप समझ सकते हैं कि वह वास्तव में ऐसा ही है - वह दिल से ऐसा कहता है।'
इसके आगे मानव गोहिल ने आर माधवन को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा, 'माधवन मेरे बड़े भाई जैसे हैं। जब आपको जरूरत महसूस होती है, तो वो आपका हाथ थाम लेते हैं। वो आपको बताते हैं कि यह अच्छा है और सीन्स में आपकी मदद भी करते हैं। जब आप अटक जाते हैं, तो वो आगे आकर कहते हैं, इसे ऐसे करके देखो, अब यह बेहतर लग रहा है। वो एक सच्चे कलाकार की तरह आपकी मदद करते हैं। इसलिए यह हम सभी के लिए एक बहुत ही क्रिएटिव प्रोसेस था, और इसके पीछे किसी का कोई स्वार्थ नहीं था।'
इसके साथ ही मानव ने धुरंधर के डायरेक्टर आदित्य धर को सेट पर सभी एक्टर्स के बीच सम्मान और सुरक्षा बनाए रखने का क्रेडिट भी दिया। उन्होंने कहा, 'मैं ‘धुरंधर’ के बारे में कहना चाहूंगा कि आदित्य की स्क्रिप्ट और निर्देशन में साफ नीयत और ईमानदारी दिखती है, जिसका गहरा असर पड़ता है। उनका निर्देशन बहुत साफ और संतुलित है, जो उनके व्यक्तित्व को भी दिखाता है। इसी वजह से फिल्म की कहानी और ढांचा मजबूत बना है। और यही कारण है कि सभी कलाकार एक-दूसरे के साथ अच्छे से काम कर पाए, क्योंकि उन्हें अपने काम को लेकर पूरी स्पष्टता थी।'
अगर फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो रिलीज के 18 दिन बाद 'धुरंधर 2' भारत में बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। इस फिल्म ने 18 दिनों में भारत में बॉक्स ऑफिस पर 1,013.77 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1,600 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।