बॉलीवुड

‘धुरंधर 2’ ने रचा इतिहास, बनी भारत की तीसरी सबसे बड़ी फिल्म, अब आमिर की ‘दंगल’ से सिर्फ इतने करोड़ पीछे

Dhurandhar 2 Box Office Records: रणवीर सिंह की धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

2 min read
Apr 19, 2026
Dhurandhar 2 Box Office Records (सोर्स- एक्स)

Dhurandhar 2 Box Office Records: भारतीय सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक ही नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है- 'धुरंधर 2'। अभिनेता रणवीर सिंह की इस एक्शन-ड्रामा फिल्म ने कमाई के मामले में ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जो अब तक बहुत कम फिल्मों को नसीब हुआ है। फिल्म ने हाल ही में 'पुष्पा 2 द रूल' को पीछे छोड़ते हुए भारतीय सिनेमा की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का दर्जा हासिल कर लिया है।

'पुष्पा 2' को पीछे छोड़ तीसरे स्थान पर पहुंची धुरंधर 2 (Dhurandhar 2 Box Office Records)

निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर 2 ने दुनियाभर में लगभग 1750 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ फिल्म ने अल्लू अर्जुन स्टारर पुष्पा 2 के 1742 करोड़ रुपये के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। खास बात यह है कि धुरंधर 2 की भारत में ही जबरदस्त कमाई रही है, जहां फिल्म का नेट कलेक्शन 1111 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

वहीं विदेशी बाजार में भी फिल्म ने करीब 46 मिलियन डॉलर की कमाई कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। हालांकि इंटरनेशनल मार्केट में फिल्म अभी टॉप 10 से थोड़ा बाहर है, लेकिन इसके बावजूद कुल कमाई के आंकड़े बेहद प्रभावशाली हैं।

अब बाहुबली 2 पर टिकी नजरें

धुरंधर 2 की अगली चुनौती है 'बाहूबली 2', जिसने दुनिया भर में 1788 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। यह फिल्म निर्देशक एस एस राजामौली की मेगा ब्लॉकबस्टर रही थी। मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि 'धुरंधर 2' जल्द ही इस आंकड़े के करीब पहुंच सकती है।

हालांकि बॉक्स ऑफिस पर नई रिलीज फिल्मों का असर पड़ना शुरू हो गया है, फिर भी आने वाले दिनों में फिल्म के पास यह रिकॉर्ड तोड़ने का मौका बना हुआ है। फिल्म का थिएटर रन अभी जारी है और जल्द ओटीटी पर रिलीज न होने की वजह से इसकी कमाई को और सहारा मिल सकता है।

दंगल का रिकॉर्ड तोड़ना मुश्किल

जहां 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं 'दंगल' का ऑल टाइम रिकॉर्ड अभी भी काफी दूर नजर आता है। आमिर खान की इस फिल्म ने दुनियाभर में 2070 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक कमाई की थी, जिसमें चीन के बाजार से मिला बड़ा योगदान शामिल था।

दिलचस्प बात यह है कि धुरंधर 2 को खाड़ी देशों में रिलीज नहीं मिल पाई, जिससे फिल्म की कमाई पर करीब 110 से 140 करोड़ रुपये तक का असर पड़ा। अगर यह रिलीज मिलती, तो फिल्म 2000 करोड़ क्लब के और करीब पहुंच सकती थी।

घरेलू कलेक्शन में भी चुनौती बरकरार

हालांकि धुरंधर 2 ने कुल कमाई के मामले में पुष्पा 2 को पीछे छोड़ दिया है, लेकिन घरेलू बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों में अभी भी पुष्पा 2 आगे बनी हुई है। पुष्पा 2 ने भारत में 1234 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड नेट कलेक्शन किया था, जबकि धुरंधर 2 अभी इस आंकड़े से लगभग 120 करोड़ रुपये पीछे चल रही है।

ऐसे में साफ है कि धुरंधर 2 ने इतिहास जरूर रचा है, लेकिन अभी भी इसके सामने कई बड़े रिकॉर्ड चुनौती बनकर खड़े हैं। आने वाले हफ्तों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या रणवीर सिंह की यह फिल्म भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स को तोड़ पाती है या नहीं।

Published on:
19 Apr 2026 07:14 pm
Also Read
View All