बॉलीवुड

‘स्क्रिप्ट से खुश नहीं था’, ‘Don 3’ छोड़ने को लेकर रणवीर सिंह की 4 बड़ी शिकायतें आईं सामने

Don 3 Controversy: डॉन 3 कंट्रोवर्सी में रणवीर सिंह और Excel Entertainment के बीच हुई मीटिंग से जुड़े कई बड़े खुलासे हुए हैं। जिनमें प्रोडक्शन हाउस को रणवीर ने 10 करोड़ रुपये का सेटलमेंट ऑफर दिया था, जिसे निर्माताओं ने ठुकरा दिया। साथ ही 'धुरंधर' की सफलता को लेकर भी चौंकाने वाली बातें सामने आईं।

4 min read
Jun 03, 2026
Don 3 Controversy
डॉन 3 छोड़ने को लेकर रणवीर सिंह का बड़ा खुलासा। (फोटो सोर्स: IMDb)

Don 3 Controversy: जैसे-जैसे Don 3 से रणवीर सिंह के अचानक बाहर निकलने का मामला और गहराता जा रहा है, एक्टर और Excel Entertainment के बीच हुई मीटिंग्स के बारे में नई जानकारियां सामने आई हैं। Variety की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े नामों की मौजूदगी में इस विवाद पर कई मीटिंग्स हुई, जिसके बाद धुरंधर एक्टर रणवीर सिंह खुद सामने आए और अपना पक्ष रखा।

जानकारी के लिए बता दें कि ये विवाद पिछले साल दिसंबर 2025 में फरहान अख्तर की फिल्म 'Don 3' से की शूटिंग शुरू होने के कुछ हफ्ते पहले रणवीर सिंह के अलग होने के फैसले से शुरू हुआ। जिसके बाद Excel Entertainment ने प्रोजेक्ट के प्री-प्रोडक्शन फेज के दौरान हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की, जिसके बाद मामले को सुलझाने के लिए बातचीत शुरू हुई। बात आगे बढ़ते-बढ़ते फिल्म इंडस्ट्री की अलग-अलग संस्थाओं तक पहुंच गई। आखिर में रणवीर सिंह के खिलाफ FWICE द्वारा 'नॉन-कोऑपरेशन' का निर्देश जारी कर दिया गया, जिसके चलते उनके लिए फिल्म इंडस्ट्री में काम करना मुश्किल हो गया।

शुरूआती मीटिंग्स में शामिल नहीं हुए रणवीर सिंह

रणवीर सिंह द्वारा फरहान अख्तर की 'डॉन 3' छोड़ने के बाद Excel Entertainment ने इस साल की शुरुआत में सबसे पहले प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया से कॉन्टैक्ट किया। इसके बाद कई मीटिंग्स हुईं। इन मीटिंग्स में फिल्म जगत की लगभग 25 हस्तियां शामिल हुईं। बता दें कि इन बैठकों को गिल्ड की आधिकारिक प्रक्रिया से अलग रखा गया था, ताकि सभी लोग बिना किसी दबाव के खुलकर अपनी राय और बात रख सकें।

रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर इन चर्चाओं के शुरुआती दौर में शामिल नहीं हुए। जबकि पहली बैठक में सलमान खान शामिल हुए थे। वहीं, बाद की मीटिंग्स में ऋतिक रोशन, करण जौहर और एक्टर आलिया भट्ट सहित अन्य सेलिब्रिटीज शामिल हुए थे। इन मीटिंग्स और चर्चाओं का मुख्य उद्देश्य उन परिस्थितियों को समझना था जिनके कारण बॉलीवुड के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में से एक का काम रुक गया।

रणवीर सिंह ने रखीं अपनी 4 शिकायतें

हालांकि, बाद में एक बैठक हुई जिसमें दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने बैठकर चर्चा करने पहुंचे। बता दें इस बैठक में आमिर खान, अनिल कपूर, रोहित शेट्टी, राजकुमार हिरानी, ​​आशुतोष गोवारिकर, निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर और Viacom18 स्टूडियो के प्रमुख अजीत अंधारे सहित अन्य लोग पहुंचे थे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, मीटिंग के दौरान रणवीर ने प्रोडक्शन हाउस और प्रोजेक्ट को लेकर चार शिकायतें बताईं, जिनकी वजह से उन्होंने फ़िल्म छोड़ने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा, 'स्क्रिप्ट कभी भी उस लेवल तक नहीं पहुंची, जिसको वो महसूस करते। इसके साथ ही रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर के समय न दे पाने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कॉन्सर्ट टूर और दूसरे एक्टिंग प्रोजेक्ट्स में व्यस्त रहने की वजह से फरहान के साथ फिल्म को लेकर लगातार बातचीत और काम नहीं हो पा रहा था।

रणवीर ने आगे बताया कि उनकी फीस को भी कम कर दिया गया था, साथ ही फिल्म का बजट भी घटा दिया गया था। उन्होंने बताया कि जहां शुरू में फिल्म का बजट लगभग 300-350 करोड़ रुपये तय हुआ था, उसे घटाकर लगभग 150 करोड़ रुपये कर दिया गया। इतना ही नहीं उन्होंने चर्चा के दौरान ये भी कहा कि उन्हें इस प्रोजेक्ट के लिए कोई साइनिंग एडवांस भी नहीं मिला था।

रणवीर सिंह की शिकायतों पर एक्सेल एंटरटेनमेंट का जवाब

रणवीर सिंह की इन शिकायतों पर जब फरहान अख्तर और प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी से जवाब मांगा गया, तो वो रणवीर के साथ कई सालों में हुई WhatsApp बातचीत के प्रिंटेड रिकॉर्ड लेकर आए। इन मैसेज से पता चला कि रणवीर ने डेवलपमेंट प्रोसेस के दौरान उनके साथ शेयर किए गए कई स्क्रिप्ट ड्राफ्ट पर पॉजिटिव रिएक्शन दिया था। फीस कम करने वाली बात के जवाब में प्रोड्यूसर्स ने कहा कि फीस को लेकर कोई भी बातचीत टर्म शीट पर साइन होने से पहले बातचीत के दौरान हुई थी, न कि कॉन्ट्रैक्ट के बाद फीस में कोई कटौती की गई थी।

मीटिंग के दौरान सिधवानी ने रणवीर से पूछा

मीडिएशन सेशन की सबसे खास बातों में से एक रितेश और रणवीर के बीच हुई बातचीत से जुड़ी है। रिपोर्ट के मुताबिक जब रितेश सिधवानी ने रणवीर से पूछा, 'अगर 'धुरंधर' ब्लॉकबस्टर नहीं बनी होती, तो क्या वो 'Don 3' छोड़ देते? इस पर रणवीर ने जवाब दिया कि उन हालातों में वो प्रोजेक्ट नहीं छोड़ते।

क्या था रणवीर का सेटलमेंट ऑफर

बाद में रणवीर ने विवाद को सुलझाने की कोशिश में एक सेटलमेंट ऑफर दिया। एक्टर ने Excel Entertainment द्वारा प्रोड्यूस किए जाने वाले किसी भी भविष्य के प्रोजेक्ट के लिए अपनी फीस पर 25% की छूट के साथ-साथ तुरंत 10 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का ऑफर दिया। हालांकि, प्रोड्यूसर्स ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। उनका पक्ष यह था कि भविष्य में साथ काम करने पर छूट का कोई खास मतलब नहीं था, क्योंकि अब वे एक्टर के साथ कोई और प्रोजेक्ट करने में दिलचस्पी नहीं रखते हैं, बल्कि इसके बजाय वे पहले से हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे।

जब मामला पहुंचा FWICE तक

जब विवाद सुलझने की बजाये और उलझ गया तब मामला Indian Film and Television Directors’ Association से Federation of Western India Cine Employees (FWICE) तक पहुंचा, जिसने कई नोटिस भेजने के बाद भी कोई जवाब न मिलने पर रणवीर सिंह के खिलाफ 'नॉन-कोऑपरेशन' का निर्देश जारी कर दिया।

रणवीर सिंह ने भेजा था FWICE को लीगल नोटिस

‘Don 3’ विवाद में आया नया मोड़, FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ लगाए बैन को हटाया

हालांकि, आज ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रणवीर सिंह पर FWICE द्वारा लगाए गए बैन को हटाने की खबर आई है जिसके साथ ही रणवीर सिंह को बड़ी राहत मिली है।