
रणवीर सिंह (this photo form x:@filmfare)
Amid Ranveer Singh-Don 3 Row: बॉलीवुड में इन दिनों स्टार्स के फिल्म प्रोजेक्ट्स से आखिरी समय पर अलग होने को लेकर बहस तेज हो गई है। एक्टर रणवीर सिंह के कथित तौर पर फिल्म 'डॉन 3' से बाहर होने को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें गिल्ड ने बिना किसी स्टार का नाम लिए ऐसे मामलों पर चिंता जताई है, जिनमें शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले स्टार्स, निर्देशक और तकनीशियन अपने कमिटमेंट से पीछे हट जाते हैं।
गिल्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्हें अपने सदस्य प्रोडक्शन हाउसों से ऐसी शिकायतें मिली हैं, जिनके कारण फिल्मों के निर्माण पर असर पड़ा है। संगठन का कहना है कि किसी भी प्रोजेक्ट से आखिरी समय में हटने का फैसला केवल निर्माता ही नहीं, बल्कि पूरी इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचा सकता है।
इस बयान में ये भी कहा गया कि ऐसे कदमों से करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हो सकता है। साथ ही फिल्म से जुड़े सैकड़ों तकनीशियन, क्रू मेंबर और अन्य कर्मचारियों की आजीविका भी प्रभावित होती है। गिल्ड के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री आपसी भरोसे, पेशेवर व्यवहार और सम्मान के आधार पर चलती है, इसलिए किसी भी पक्ष को ऐसे कदम उठाने से बचना चाहिए जो इस व्यवस्था को कमजोर करें।
प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने ये भी साफ किया कि वो हमेशा निष्पक्ष और स्वतंत्र कारोबारी माहौल के पक्ष में खड़ा रहा है। संगठन का मानना है कि कंटेंट निर्माण की प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा और अनिश्चितता फिल्म निर्माण को नुकसान पहुंचाती है और इससे पूरी इंडस्ट्री की साख प्रभावित होती है। इस विवाद के बीच इंडस्ट्री में 2 चर्चित मामलों की चर्चा हो रही है। पहला मामला रणवीर सिंह और 'डॉन 3' से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि दूसरा मामला एक्टर अक्षय खन्ना के 'दृश्यम 3' से अलग होने की खबरों से संबंधित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय खन्ना और फिल्म निर्माताओं के बीच फीस और भूमिका को लेकर मतभेद सामने आए थे, जिसके बाद उनके प्रोजेक्ट से बाहर होने की चर्चा शुरू हुई।
हालांकि प्रोड्यूसर्स गिल्ड ने अपने बयान में किसी स्टार्स का नाम नहीं लिया, लेकिन इंडस्ट्री में इसे हाल के विवादों से जोड़कर देखा जा रहा है। संगठन ने सभी पक्षों से आपसी बातचीत के जरिए मतभेद सुलझाने की अपील की है। फिलहाल ये मामला बॉलीवुड में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Published on:
03 Jun 2026 02:20 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
