Elnaaz Norouzi On India Iran Controvery: ईरान मूल की अभिनेत्री एलनाज नौरोजी ने भारत में रहने को लेकर बड़ा बयान दिया है। मंदाना करीमी के हालिया बयान पर एलनाज ने पलटवार किया।
Elnaaz Norouzi On India Iran Controvery: ईरान में चल रहे ढेरों विरोध प्रदर्शनों के बीच ईरानी अभिनेत्री एलनाज नौरोजी लगातार आजादी को लेकर अपनी बात खुलकर सामने रख रही हैं। भारत में रहने वाली इस ईरानी मूल की अभिनेत्री ने हाल ही में भारत में सुरक्षा को लेकर उठाए गए सवाल पर अपना जवाब दिया है। एलनाज के जवाब को दूसरी ईरानी अभिनेत्री मंदाना करीमी के बयान पर पलटवार माना जा रहा है जिसमें उन्होंने भारत छोड़ने की बात कही थी। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
हाल ही में आईएनएस को दिए इंटरव्यू में एलनाज ने कहा, 'मैं भारत में बहुत सुरक्षित महसूस करती हूं। मुझे यहां खुलकर बोलने की आजादी है। ईरान में मैं ये नहीं कर सकती। मैं वहां खुलकर बात नहीं कर सकती। मैंने वहां की सरकार के बारे में इतना कुछ बोल दिया है कि लोग मुझे छोड़ेंगे नहीं।'
एलनाज ने कहा, 'एक बार ईरान फ्री हो जाए तो मैं जरूर वहां जाऊंगी अपने परिवार से मिलने लेकिन फिलहाल मेरा घर भारत है। मैं यहां सेफ हूं।'
बता दें एलनाज के बयान से अलग हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में ईरान की ही मूल निवासी मंदाना करीमी ने कहा था कि वो एक स्वतंत्र और खुले विचारों वाले ईरान की कल्पना करती हैं, जहां महिलाओं को अपनी पसंद के अनुसार जीवन जीने की आजादी हो। उन्होंने ये भी हिंट दिया कि जैसे ही उनके देश में मौजूदा हालात बदलेंगे, वो वहां लौटना चाहेंगी।
इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने अपने बैग पैक कर लिए हैं और भारत छोड़ने की योजना बना रही हैं। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग उनके फैसले का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ इसे इमोशनल प्रतिक्रिया बता रहे हैं।
मंदाना ने अपने बयान में भारत से ‘ब्रेकअप’ जैसा शब्द इस्तेमाल किया, जिसने लोगों को चौंका दिया। गौरतलब है कि भारत ने उन्हें पहचान, करियर और लोकप्रियता दी। ऐसे में उनका यह फैसला चर्चा का विषय बन गया है।