
Hema Malini On Sunny-Bobby Deol: बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी ने एक बार फिर देओल परिवार को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने धर्मेंद्र के साथ अपने रिश्ते, सनी देओल और बॉबी देओल के साथ परिवार के जुड़ाव और फैमिली वैल्यूज़ पर अपनी राय साझा की। बातचीत के दौरान हेमा मालिनी ने साफ कहा कि उनका पूरा परिवार हमेशा एकजुट रहता है, लेकिन वो अपनी निजी जिंदगी का दिखावा करने में विश्वास नहीं रखते।
हेमा मालिनी ने बताया कि धर्मेंद्र हमेशा परिवार को सबसे ऊपर रखने की सीख देते थे। उन्होंने कहा, 'धर्म जी ने मुझसे आखिरी बार यही कहा था कि 'बी टुगेदर विद ऑल ऑफ देम… हमेशा साथ में रहो। चाहे कितना भी काम हो, लेकिन फैमिली को हमेशा समय देना चाहिए।'
उन्होंने कहा कि आज भी पूरा परिवार उसी सीख को मानता है। हेमा मालिनी ने कहा, 'हम सब हमेशा साथ रहते हैं। हम लोग अपनी फैमिली को लेकर पब्लिसिटी नहीं करते। हमारा आपस में बहुत अच्छा जुड़ाव है। यही तो परिवार की सबसे बड़ी खूबी होती है। हम एक बहुत खुशहाल परिवार हैं।'
'हिंदी रश' से बातचीत के दौरान हेमा मालिनी ने सनी देओल और बॉबी देओल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'सनी बहुत अच्छे हैं। बॉबी भी बहुत अच्छे हैं। दोनों बहुत स्वीट हैं। हम सब हमेशा साथ रहते हैं।'
उन्होंने ये भी कहा कि परिवार के रिश्तों को कभी कैमरे के सामने साबित करने की जरूरत नहीं होती। उनका मानना है कि मजबूत रिश्ते दिखाने के लिए नहीं, बल्कि निभाने के लिए होते हैं।
धर्मेंद्र से जुड़ी फर्जी खबरों पर भी हेमा मालिनी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'अगर फेक न्यूज आएगी तो जाहिर है नाराजगी होगी। ऐसी खबरों को संभालना आसान नहीं होता।' उन्होंने माना कि इस तरह की खबरें परिवार को परेशान करती हैं, लेकिन समय के साथ हर मुश्किल दौर गुजर जाता है।
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि वो बेहद जमीन से जुड़े इंसान थे। उन्होंने बताया कि अगर घर के बाहर कोई उनसे मिलने आता था तो धर्मेंद्र कभी किसी को निराश नहीं करते थे।
हेमा ने मुस्कुराते हुए कहा, 'वो हमेशा पूछते थे कि बाहर कौन आया है। अगर कोई फोटो लेना चाहता था तो कहते थे कि उसे अंदर बुलाओ। चाहे कितना भी छोटा व्यक्ति क्यों न हो, उसके साथ फोटो जरूर लेंगे।' उनके मुताबिक धर्मेंद्र लोगों से दिल से जुड़ना पसंद करते थे और यही बात उन्हें सबसे अलग बनाती थी।
हेमा मालिनी ने बताया कि धर्मेंद्र एक बेहद प्यार करने वाले पिता और दादा थे। उन्होंने कहा कि बच्चों और नाती-पोतों के साथ उनका रिश्ता बहुत खास था। हेमा ने कहा, 'बच्चे आज भी उन्हें बहुत मिस करते हैं। उनके लिए धर्म जी का प्यार शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।'