
इन दिनों श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर और एक्टर ईशान खट्टर अपनी आने वाली फिल्म 'धड़क' के प्रोमोशन में व्यस्त हैं। हर दिन फिल्म से जुड़ी नई अपडेट सामने आ रही है। बता दें मुंबई पुलिस ने 'धड़क' के ट्रेलर से एक सीन को लेकर मीम बनाया है।
मीम में मुंबई पुलिस ने धड़क का एक सीन साझा किया है। यह सीन जाह्नवी और ईशान का है जिसमें जाह्नवी की तस्वीर को एडिट करके उस पर सिग्नल वाली लाइट लगाई गई है और नीचे लिखा गया है, 'क्या नाटक कर रहा है... मुझे देख क्यों नहीं रहा।' अब इस मीम पर अब फिल्म के लीड एक्टर्स जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर का रिएक्शन भी आ गया है।
इस मीम को जाह्नवी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, 'मजा आया।'
वहीं, ईशान ने भी इस मीम को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया है।
बता दें मुंबई पुलिस ने इस मीम को अपने ट्विटर अकाउंट शेयर किया था। इसपर उन्होंने लिखा, 'ट्रैफिक सिग्नलों का भावनात्मक पहलू नहीं समझते!! और उनके ई-चालान भी उनके रिश्ते के साथ बहुत ज्यादा खुश नहीं हैं।' मुंबई पुलिस ने इस मैसेज के साथ हैश टैग दिया है 'ट्रैफिक सिग्नल मायने रखते हैं।'
गौरतलब है कि ईशान और जाह्नवी की यह फिल्म अगले महीने 20 तारीख को रिलीज होने वाली है। फिल्म को शशांक खेतान ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म से जाह्नवी बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। वहीं ईशान की बात करें तो वह इससे पहले 'बियॉन्ड द क्लाउड्स' में नजर आ चुके हैं।