
मशहूर सूफी सिंगर कैलाश खेर पर दो महिला पत्रकारों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। इस आरोप पर अपना बचाव करते हुए सिंगर ने कहा है कि 'जब मुझे इन आरोपों के बारे में पता चला तो बहुत निराशा हुई।' कैलाश ने यह कहते हुए माफी मांगी कि यदि किसी को कोई बात गलत लगी है या किसी को गलतफहमी हुई है तो मैं माफी चाहता हूं।
उन्होंने कहा, 'मुझे इस बात की जानकारी तब हुई जब मैं पटना में था। मैं सफर कर रहा था। मुझे नहीं याद कि कभी ऐसी कोई घटना हुई है। मैं ज्यादातर वक्त तो अपनी छोटी सी दुनिया में ही बिजी होता हूं। लेकिन फिर भी अगर किसी को कोई गलतफहमी हुई है तो मैं माफी चाहता हूं। '
कैलाश ने कहा कि जो लोग उन्हें जानते हैं और उनके साथ काम कर चुके हैं वो इस बात को जानते हैं कि वह इंसानियत का कितना सम्मान करते हैं, खास तौर से महिलाओं का, और खास तौर से वो महिलाएं जो मीडिया में काम करती हैं, क्योंकि उनका काम बहुत ही मुश्किल है।'
यह है पूरी घटना
नताशा ने कैलाश खेर पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने घर इंटरव्यू के दौरान उन्हें और उनकी सहकर्मी को गलत तरीके से छुआ। इंटरव्यू से लौटने के बाद जब उन्होंने इस बारे में अपने साथियों को बताया तो सभी ने इस घटना को बेहद हल्के तौर पर लिया और ख़ुद की हिफाजत करने की सलाह दी। इसके साथ ही फोटो जर्नलिस्ट ने ज़ुल्फी सईद के साथ हुई घटना के बारे में बताया है कि कैसे एक क्रूज पर ईवेंट कवर करने गई इस फोटो जर्नलिस्ट के साथ उन्होंने रात में जबर्दस्ती करने की कोशिश की।