
Kajal Agarwal Indian 2 Set Incident: साउथ और बॉलीवुड अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने फिल्म 'इंडियन 2' की शूटिंग के दौरान हुए उस दर्दनाक हादसे को याद किया है, जिसमें उनकी जान बाल-बाल बची थी। फरवरी 2020 में चेन्नई के ईवीपी फिल्म सिटी में फिल्म के सेट पर एक भारी क्रेन गिर गई थी। इस हादसे में तीन क्रू मेंबर्स की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे।
काजल अग्रवाल और अभिनेता कमल हासन भी उस समय सेट पर मौजूद थे। अभिनेत्री ने बताया कि इस घटना ने उनकी जिंदगी और सोच को पूरी तरह बदल दिया। साथ ही, इसके बाद उनका भगवान श्रीकृष्ण के प्रति विश्वास और गहरा हो गया।
ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे को दिए इंटरव्यू में काजल अग्रवाल ने फरवरी 2020 की उस रात का जिक्र किया, जब निर्देशक शंकर की फिल्म 'इंडियन 2' की शूटिंग के दौरान क्रेन गिर गई थी। अभिनेत्री के मुताबिक, उस दिन वह एक फाइट सीक्वेंस की शूटिंग कर रही थीं और उन्होंने करीब 80 साल की बुजुर्ग महिला का गेटअप किया हुआ था।
काजल ने बताया कि फिल्म के सेट पर आमतौर पर कलाकार मॉनिटर के आसपास बैठते हैं। हादसे के समय वह भी वहीं बैठी हुई थीं। उन्होंने कहा, 'मुझे सबसे पहले मर जाना चाहिए था। हम सभी सेट पर मॉनिटर के आसपास बैठे थे। तभी अचानक अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग भागने लगे। मैं भी भागी और एक टेबल से टकराकर नीचे गिर गई।'
काजल ने बताया कि भागते समय अचानक उनके मन में पीछे मुड़कर देखने का ख्याल आया। जब उन्होंने पलटकर देखा तो करीब 100 फीट ऊंची क्रेन उनकी तरफ गिर रही थी। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा है।
अभिनेत्री ने बताया, 'मैंने अचानक सोचा कि मैं क्यों भाग रही हूं? मुझे पीछे मुड़कर देखना चाहिए कि आखिर हो क्या रहा है। जैसे ही मैंने पीछे देखा, मुझे एक 100 फीट ऊंची क्रेन अपनी तरफ गिरती हुई दिखाई दी। सब कुछ एक पल में हुआ। मैं उसे अपनी तरफ गिरते देखकर वहीं जम गई थी।'
काजल के मुताबिक, उस समय उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे किसी अदृश्य शक्ति ने उन्हें क्रेन के रास्ते से खींचकर दूर कर दिया हो। क्रेन उनके बेहद करीब आकर गिरी। इस तरह वह एक बड़े हादसे में बाल-बाल बच गईं।
काजल ने बताया कि इस घटना के बाद उन्हें कई दिनों तक समझ नहीं आया कि आखिर वह इतनी बड़ी दुर्घटना से कैसे बच गईं। इस अनुभव ने उन्हें जिंदगी की अनिश्चितता का एहसास कराया। अभिनेत्री के मुताबिक, हादसे के बाद उनका आध्यात्मिक झुकाव बढ़ा और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनकी आस्था पहले से ज्यादा गहरी हो गई।
काजल इस घटना को अपनी जिंदगी का बेहद अहम मोड़ मानती हैं। उनके लिए यह सिर्फ एक दुर्घटना से बचने का अनुभव नहीं था, बल्कि इसने जिंदगी, समय और अपने आसपास मौजूद लोगों को देखने का नजरिया भी बदल दिया।
फरवरी 2020 में हुए इस हादसे ने फिल्म इंडस्ट्री को गहरे सदमे में डाल दिया था। क्रेन गिरने से फिल्म के तीन क्रू मेंबर्स कृष्णा, चंद्रन और मधु की मौत हो गई थी। वहीं, कई अन्य लोग घायल हुए थे। इस घटना के समय कमल हासन और काजल अग्रवाल भी सेट पर मौजूद थे।
हादसे के बाद काजल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखकर जान गंवाने वाले तीनों क्रू मेंबर्स को श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई थी और इस घटना को बेहद दर्दनाक बताया था।
कई साल बीत जाने के बाद भी काजल अग्रवाल उस हादसे को भूली नहीं हैं। वह खुद को खुशकिस्मत मानती हैं कि उस दिन उनकी जान बच गई। इस घटना ने उन्हें जिंदगी की कीमत समझने के साथ-साथ आध्यात्मिकता के करीब भी पहुंचाया।