
Kangana Ranaut Karwa Chauth Video Fact Check: करवा चौथ पर बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर कुछ लोगों की तरफ से शेयर किया गया। वीडियो में वो मंदिर में पूजा-अर्चना करती नजर आ रही हैं। इसके साथ ही लोगों ने कमेंट किया कि कंगना ने 29 अक्टूबर 2026 को करवा चौथ के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र और अच्छी सेहत के लिए विशेष पूजा की। इस दावे को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की पड़ताल में साफ जाहिर होता है कि ये वीडियो पुराना है और इसका करवा चौथ से कोई लेना-देना नहीं है।
करवा चौथ की परंपरा के बीच कंगना रनौत का मंदिर में पूजा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए एक्ट्रेस को ट्रोल किया गया।
वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने हैरानी जताई, तो कुछ ने इसे राजनीति और धार्मिक परंपराओं से जोड़कर टिप्पणियां कीं। कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी, जबकि कुछ ने सवाल उठाया कि क्या त्योहारों को भी राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
फैक्ट चेक में सामने आया कि यह वीडियो 29 अक्टूबर यानी करवा चौथ 2026 का नहीं है। दरअसल, यह जून 2026 का है, जब कंगना रनौत राजस्थान के जोधपुर पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने श्री चामुंडा माता मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में दर्शन किए थे।
कंगना ने 11 जून को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए यह वीडियो साझा किया था। उन्होंने उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अच्छी सेहत, ताकत और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की थी। यानी वीडियो असली है, लेकिन इसे करवा चौथ से जोड़कर पेश करना गलत है।
मंदिर दर्शन का वीडियो शेयर करते हुए कंगना ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने प्रार्थना की थी कि पीएम मोदी को बेहतरीन स्वास्थ्य, अपार शक्ति और लंबी उम्र मिले, ताकि उनके नेतृत्व में भारत का आने वाला दशक विकास, समृद्धि, सुरक्षा और गौरव का दशक बन सके।
ये पोस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार कार्यकाल के 4,400 दिन पूरे होने के मौके से भी जुड़ी थी। कंगना ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी थी।