एक्ट्रेस कंगना रनौत ने कुछ समय पहले अपने एक ट्वीट में मुंबई की तुलना पीओके से कर दी थी। जिसके बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने कंगना के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। साथ ही शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने एक्ट्रेस को धमकी दी कि वह जब भी मुंबई आएंगी वह उनका जबड़ा तोड़ देंगे।
नई दिल्ली। बॉलीवुड में क्वीन के नाम से मशहूर कंगना रनौत इन दिनों अपने ट्वीट की वजह से सुर्खियों में बनी हुई हैं। वह लगातार सोशल मीडिया पर इंडस्ट्री के ऊपर उंगलियां उठाती जा रही हैं। इस बीच शिवसेना के नेता संजय राउत संग उनकी कोल्ड वार भी काफी चर्चा में है। हाल में संजय राउत ने कंगना को लेकर कई अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। जिसके बाद से कंगना के सपोर्ट में आकर लोगों ने संजय राउत से माफी मांगने की बात कही थी। जिसमें नेता ने अभिनेत्री के सामने एक शर्त रखी थी। उन्होंने कहा कि "यदि वह महाराष्ट्र से माफी मांगती हैं तो वह इस बारें में विचार करेंगे।" अब कुछ समय पहले ही कंगना ने एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने शिवसेना नेता संजय राउत को उनकी बातों का जवाब दिया है।
कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने उनके लिए कह गए शब्दों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने संजय राउत के लिए कहा कि "वह एक सरकारी मुलाजिम हैं। तो वह अच्छे से जानते हैं कि इस देश में हर घंटे में कितनी लड़कियों के साथ बलात्कार होते हैं कितनी बच्चियों का शोषण होता है। उनके शरीर को काटकर उनपर एसिड फेंक दिया जाता है। लड़कियों को उनके काम की जगहों पर भी अपमानित किया जाता है। उनके पति ही उनके कान, नाक, मुंह, जबड़े तोड़ रहे हैं। वीडियो में कंगना ने पूछा कि क्या आप जानते हैं कि इसका असली जिम्मेदार कौन है? अभिनेत्री कहती हैं इन सब बातों का जिम्मेदार मानसिकता है।
जिसका आपने भौंडा प्रदर्शन पूरे समाज और देश के सामने किया है। इस मानसिकता के लिए देश की बेटियां उन्हें कभी भी माफ नहीं करेंगी।" उन्होंने यह भी कहा कि "अभिनेता आमिर खान ने जब कहा था कि उन्हें देश में रहने से डर लगता है तब किसी ने उनके लिए कोई गलत शब्द प्रयोग नहीं किया। साथ ही जब नसीरूद्दीन शाह जी ने कहा तब भी किसी ने उन्हें कुछ गलत नहीं कहा।" कंगना ने वीडियो के अंत में कहा कि "संजय राउत महाराष्ट्र नहीं हैं। उन्होंने कभी महाराष्ट्र का अपमान नहीं किया है। बल्कि अक्सर उन्होंने तारीफ ही की है। लेकिन सुशांत केस में जब उनका बयान दर्ज नहीं किया गया और सुशांत के पिता संग गलत बर्ताव किया गया। तब उन्होंने अपनी आवाज़ उठाई।"
वीडियो में कंगना ने यह भी कहा कि "शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने उन्हें धमकी दी है कि जैसे ही अभिनेत्री मुंबई आएंगी वह उनका जबड़ा तोड़ देंगे। तो अभिनेत्री ने कहा कि वह देखती हैं कि कैसे वह लोग यह करते हैं।" बता दें 9 सितंबर को कंगना हिमाचल से मुंबई लौट रही हैं।