
Kiara Advani-Sidharth Malhotra Wedding: बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा जल्द ही करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' में नजर आने वाले हैं। शो के नए प्रोमो में दोनों सितारों की मस्ती और उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कई दिलचस्प किस्से देखने को मिल रहे हैं। इस दौरान कियारा ने अपनी शादी से जुड़ा एक ऐसा मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे जानकर दर्शक भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे। अभिनेत्री ने बताया कि उनकी शादी में करण जौहर ने शाहिद कपूर को स्टेज से ही उतार दिया था।
शो के प्रोमो में करण जौहर कियारा और सिद्धार्थ की शादी को बेहद खास बताते नजर आ रहे हैं। इस पर कियारा अपनी शादी का एक दिलचस्प किस्सा साझा करती हैं। उन्होंने बताया कि शादी के दौरान करण जौहर स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे। इसी बीच शाहिद कपूर भी उनके साथ स्टेज पर पहुंच गए, ताकि उन्हें कंपनी दे सकें। हालांकि, कुछ देर बाद करण ने शाहिद को स्टेज से ही उतार दिया।
कियारा के इस खुलासे पर शो में मौजूद सभी लोग हंसते नजर आते हैं। प्रोमो से साफ है कि इस बार दर्शकों को दोनों सितारों की निजी जिंदगी से जुड़े कई अनसुने किस्से सुनने को मिलेंगे।
प्रोमो में करण जौहर ने सिद्धार्थ और कियारा से उनकी निजी जिंदगी को लेकर भी मजेदार सवाल किए। करण ने पूछा कि क्या दोनों असल जिंदगी में भी अपने पर्दे वाले किरदारों की तरह व्यवहार करते हैं या फिर घर पर खुद को पूरी तरह अलग रखते हैं।
इस सवाल पर सिद्धार्थ ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि वे अपने काम को घर नहीं लाना चाहते और खासतौर पर बेडरूम में तो बिल्कुल भी नहीं। उनके इस जवाब ने बातचीत को और दिलचस्प बना दिया।
इसके बाद करण ने दोनों से पूछा कि वे अपनी डेट नाइट को सिर्फ डिनर तक सीमित होने से कैसे बचाते हैं। इस पर कियारा ने अपने बेबी बंप पर हाथ रखते हुए मजेदार अंदाज में कहा, 'बस अब हमारा डिनर पर ही सब खत्म हो जाता है।' उनके इस जवाब पर सिद्धार्थ और करण भी हंसने लगते हैं।
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने साल 2022 में 'कॉफी विद करण' के सातवें सीजन में हिस्सा लिया था। उस दौरान करण जौहर ने उन्हें कियारा आडवाणी का एक वीडियो दिखाया था। वीडियो में कियारा ने दोनों के रिश्ते को सिर्फ दोस्ती से बढ़कर बताया था।
जब करण ने सिद्धार्थ से शादी को लेकर सवाल किया तो अभिनेता ने मुस्कुराते हुए कहा था कि वह एक खुशहाल और बेहतर भविष्य की उम्मीद कर रहे हैं। उस समय उन्होंने सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा था, लेकिन बाद में दोनों ने शादी कर ली।
कियारा और सिद्धार्थ की नजदीकियां फिल्म 'शेरशाह' की शूटिंग के दौरान बढ़ी थीं। साल 2021 में रिलीज हुई इस फिल्म में सिद्धार्थ ने कैप्टन विक्रम बत्रा और कियारा ने उनकी प्रेमिका डिंपल चीमा का किरदार निभाया था।
कुछ समय तक अपने रिश्ते को निजी रखने के बाद दोनों ने 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में शादी कर ली थी। कियारा ने शो के आठवें सीजन में बताया था कि सिद्धार्थ ने रोम में परिवार के साथ छुट्टियां बिताने के दौरान उन्हें प्रपोज किया था।
फरवरी 2025 में दोनों ने पहली बार माता-पिता बनने की जानकारी दी थी। जुलाई 2025 में उनके घर बेटी सरायाह मल्होत्रा का जन्म हुआ। वहीं, 7 अक्टूबर 2026 को कपल ने दूसरी बार माता-पिता बनने की खुशखबरी साझा की। अब दोनों की 'कॉफी विद करण' में वापसी को लेकर उनके प्रशंसक काफी उत्साहित हैं।