
Kunal Khemu Bollywood Struggle: इन दिनों प्राइम वीडियो पर आ रहे रियलिटी शो 'The Allience' को होस्ट कर रहे कुणाल खेमू पिछले कुछ सालों से काफी व्यस्त रहे हैं। उनके पास कई प्रोजेक्ट्स हैं। हाल ही में एक बातचीत में, एक्टर ने अपने करियर के उस दौर के बारे में बात की जब वो छह महीने से लेकर एक साल तक बिना काम के घर पर बैठे थे। साथ ही उन्होंने बताया कि कैसे लोगों ने उन्हें प्रोजेक्ट्स हासिल करने के लिए गिफ्ट भेजने, पार्टियों में शामिल होने और सोशल सर्कल में ज्यादा एक्टिव रहने की सलाह दी थी।
एक इंटरव्यू में कुणाल खेमू ने कहा, "सलाह के साथ एक बहुत अच्छी बात है कि अगर ये आपके काम आ जाए तो अच्छी है, और अगर नहीं, तो बुरी। मुझे जो सलाह मिली, वो असल में बुरी नहीं थी, लेकिन मेरे काम नहीं आई। मुझसे कहा गया कि मेरे पास एक PR और PR मशीनरी होनी चाहिए क्योंकि यह बहुत जरूरी है। मुझे अलग-अलग जगहों पर जाने, लोगों के बीच रहने, उन्हें होस्ट करने और गिफ्ट्स भेजने की भी सलाह दी गई। लेकिन मुझे नहीं लगता कि वो सब बुरी सलाह है।"
इसके साथ ही सोहा अली खान ने पति कुणाल खेमू ने अपने एक्टिंग करियर में काम न मिलने के दौर और चिंता को एक्टर्स के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताते हुए उन्होंने कहा, "अब मैं ज्यादा व्यस्त हूं, लेकिन मेरी जिंदगी में ऐसा भी समय आया है, जब मैंने बिना एक दिन की छुट्टी लिए लगातार दो साल तक काम किया है। और फिर, जब कोई फिल्म नहीं चली, तो मैं छह-आठ महीने या एक साल तक घर पर रहा। मुझे पता है कि वो दौर फिर से आ सकता है। जब आप बिना काम के होते हैं, तो आप घबराए हुए भी होते हैं और सोचते हैं कि क्या मुझे फिर से काम मिलेगा? ये इस इंडस्ट्री का कड़वा लेकिन सच है, जिससे अधिकतर एक्टर्स गुजरते हैं, बड़े स्टार्स से लेकर नए आने वाले कलाकारों तक।"
खेमू ने ये भी बताया कि मुश्किल हालात के बावजूद, उन्होंने हमेशा किसी भी चीज से ज्यादा अपने हुनर पर काम करने में भरोसा किया है। उन्होंने इस बारे में भी बात की कि कैसे एक्टर्स अक्सर अच्छे काम और सिर्फ गुजारे के लिए प्रोजेक्ट्स का चुनाव करने की उलझन का सामना करते हैं। उन्होंने बताया कि कई एक्टर्स को अपने करियर में अलग-अलग समय पर इस स्थिति से जूझना पड़ता है, खासकर तब जब काम कम हों और उन्हें लगे कि वो उतना काम नहीं कर पा रहे हैं जितना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस वजह से एक्टर्स को अक्सर इस बात के बीच संघर्ष करना पड़ता है कि वो असल में क्या करना चाहते हैं और उनके पास कौन से मौके मौजूद हैं।
बता दें कि साल 2024 में कुणाल आखिरी बार 'मडगांव एक्सप्रेस' को डायरेक्ट करते हुए नजर आए थे। इसके अलावा 2025 में कुणाल वेबसीरीज 'सिंगल पापा' के सीजन 1 में लीड रोल निभते हुए दिखाई दिए थे। अब वो 'गोलमाल 5' में दिखाई दें वाले हैं। इस फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर और अन्य कलाकार भी हैं। इतना ही नहीं खेमू 'वाइब' (Vibe) को भी डायरेक्ट करेंगे, जिससे प्रीति जिंटा फिल्मों में वापसी करेंगी। इस फिल्म में कुणाल खुद भी नजर आएंगे।
अलायंस के बारे में
कुणाल खेमू द्वारा होस्ट किया जाने वाला, अलायंस एक रियलिटी गेम शो है जहाँ लॉयल्टी रातों-रात बदल जाती है और इक्वेशन बिना किसी वॉर्निंग के बदल सकते हैं। पिछले हफ़्ते, शो से दो लोग बाहर हो गए। जहां वंशज सिंह को अलायंस ने बाहर कर दिया, वहीं रवि किशन ने अपनी मर्जी से सांसद के तौर पर अपनी ड्यूटी पर लौटने का फैसला किया। उनकी जगह एक्टर-फिल्ममेकर सोहेल खान, इन्फ्लुएंसर वृद्धि पटवा और आगू स्टेनली चिडोज़ी शामिल हुए।