
Gondhal In Oscars 2027: ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री का ऐलान हो चुका है और इस बार मराठी सिनेमा की फिल्म ‘गोंधल’ ने यह जगह बनाई है। संतोष डावखर के निर्देशन में बनी इस फिल्म को 33 फिल्मों में से चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 18 सितंबर को ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स के इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की ओर से भेजने का फैसला किया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म की टीम को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि ‘गोंधल’ का चयन मराठी सिनेमा के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने फिल्म को महाराष्ट्र की लोक परंपराओं और संस्कृति से जोड़ते हुए उम्मीद जताई कि राज्य की मिट्टी से जुड़ी यह कहानी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएगी।
इस बार भारत की ओर से ऑस्कर की दौड़ में शामिल होने के लिए अलग-अलग भाषाओं की कुल 33 फिल्मों पर विचार किया गया था। इनमें से फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया की चयन समिति ने संतोष डावखर की ‘गोंधल’ को चुना। फिल्म के चयन के बाद अब यह ऑस्कर 2027 की आगे की प्रक्रिया में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। हालांकि आधिकारिक एंट्री बनना अंतिम ऑस्कर नामांकन की गारंटी नहीं है।
‘गोंधल’ के चयन के साथ ही यह भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री बनने वाली चौथी मराठी फिल्म बन गई है। इससे पहले ‘श्वास’, ‘हरिश्चंद्राची फैक्टरी’ और ‘कोर्ट’ को भारत की ओर से ऑस्कर के लिए चुना जा चुका है। इस तरह संतोष डावखर की फिल्म ने मराठी सिनेमा के लिए एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
‘गोंधल’ की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि में एक रात के दौरान घटने वाली घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में महाराष्ट्र की पारंपरिक ‘गोंधल’ लोक परंपरा और उससे जुड़ी प्रस्तुति को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। कहानी सुमन नाम की एक महिला पर केंद्रित है, जो अपने दांपत्य जीवन की परेशानियों के बीच मानसिक और भावनात्मक संघर्ष से गुजरती है। फिल्म में परंपरा, व्यक्तिगत इच्छाओं, रिश्तों और धोखे जैसे पहलुओं को कहानी के जरिए सामने रखा गया है।
फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहनी, निशाद भोइर और अनुज प्रभु जैसे कलाकार नजर आते हैं। ‘गोंधल’ को इससे पहले भी फिल्म फेस्टिवल्स में पहचान मिल चुकी है। 2025 में 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में संतोष डावखर को बेस्ट डायरेक्टर के लिए सिल्वर पीकॉक पुरस्कार मिला था। 2026 के पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को निर्देशन और सिनेमैटोग्राफी के लिए भी सम्मान मिला। अब 'गोंधल' की टीम के सामने अंतरराष्ट्रीय ऑस्कर अभियान की अगली चुनौती है। 99वें अकादमी अवॉर्ड्स का आयोजन 14 मार्च 2027 को लॉस एंजिल्स में निर्धारित है।