
Pratap Movie Review In Hindi: ऐसी फिल्में तो आपने खूब देखी होंगी जिसमें पुलिस अधिकारी के कानून की रक्षा करने और अपराधियों को सजा दिलाने वाली दबंग छवि होती है, लेकिन क्या हो जब एक बहादुर पुलिस अधिकारी को एक वायरल वीडियो के चलते अपराधी बना दिया जाए और उसे जेल में उन्ही अपराधियों के साथ रहना पड़े जो कभी उसके नाम से भी थर्राते थे। निर्देशक सचिन सराफ की फिल्म 'प्रताप' एक ऐसे ही पुलिस अधिकारी की कहानी है, जिसकी जिंदगी एक घटना और उससे जुड़े वीडियो के वायरल होने के बाद पूरी तरह बदल जाती है। यह फिल्म पुलिस व्यवस्था, राजनीति, मीडिया और एक व्यक्ति के संघर्ष को केंद्र में रखती है। इस रिव्यू में आइए जानते हैं कैसी है यह फिल्म
फिल्म की कहानी शुरू होती है एक बड़ी सी जेल से जिसमें प्रताप (अमित साध) नाम के एक जिद्दी कैदी को दसियों पुलिस वाले कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं फिर भी गुस्से से लाल प्रताप को काबू में करना मुश्किल हो रहा है। जेल में अनुशासनहीनता के चलते उस जेल की बेहद सख्त जेलर मीरा सेन (सीमा बिस्वास) उनको अंडा सेल में डालने का आदेश दे देती हैं। यह कैदी कोई सामान्य कैदी नहीं है, दरअसल यह एक फेमस एनकाउन्टर स्पेशलिस्ट आईपीएस अधिकारी प्रताप रानाडे हैं जो एक तथाकथित एनकाउन्टर और उसके वायरल विडिओ के चलते कोर्ट द्वारा जेल भेजे गए हैं। वारदात के दिन 26 खूंखार अपराधियों का एनकाउन्टर करने वाले आईपीएस प्रताप रानाडे को एक भगोड़े क्रिमिनल के मुंबई के एक रेसिडेंस में मौजूद होने की खबर पता चलती है और वह फौरन अपनी टीम के साथ उसे पकड़ने निकल पड़ते हैं।
मौके पर उन्होंने अपराधी को पकड़ के उसकी कनपटी पर पिस्तौल रखी लेकिन गोली चलाने से पहले ही हार्ट अटैक से उसकी मौत हो जाती है। यह पूरा वाकया वहाँ खड़ी गाड़ी में मौजूद एक लड़की ने अपने फोन में रिकार्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर इस तरह से वायरल कर दिया जैसे प्रताप रानाडे ने उसकी हत्या की हो। उनके पास अपनी बेगुनाही साबित करने का कोई सुबूत नहीं होता और इसीलिए कोर्ट द्वारा उनको जेल भेज दिया जाता है। शुरू में तो उन्हे लगता है कि वह जल्दी ही छूट जाएंगे लेकिन जैसे जैसे दिन बीतते जाते हैं उनको समझ आने लगता है कि वह राजनीति और सिस्टम के चक्रव्यूह में इस प्रकार फंस चुके हैं जहां उनके अपने भी उनका साथ छोड़ देते हैं।
जेल में उनके साथ किसी खूंखार अपराधी जैसा बर्ताव किया जाता है एक समय सुर्खियों में रहने वाला मुंबई का पॉवरफुल ऑफिसर आज अकेला पड़ जाता है। क्या वह अपनी बेगुनाही साबित कर पाएंगे ? क्या फिर से उनको पहले जैसा मान सम्मान वापिस मिल पाएगा? यह सब जानने के लिए आपको देखनी पड़ेगी यह संवेदनशील फिल्म।
अभिनय की बात करें तो अमित साध इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने प्रताप रानाडे के किरदार को जिस दमदार अंदाज में निभाया है, वह प्रभावित करता है। एक तरफ उनका दबंग और गुस्सैल पुलिस अधिकारी वाला अंदाज है, तो दूसरी तरफ जेल में बेबस और अकेले पड़ चुके व्यक्ति की लाचारी। अमित साध ने अपने अभिनय में इन दोनों पहलुओं के बीच बेहतरीन सामंजस्य रखा है। खासकर उनके चेहरे की भाव-भंगिमाएं, संवाद अदायगी और परिस्थितियों के अनुसार किरदार की भावनाओं को पर्दे पर व्यक्त करने का अंदाज उनके किरदार को बेहद प्रभावशाली बनाता है और दर्शकों को सम्मोहित कर देता है। पूरी फिल्म में उनका अभिनय दर्शकों को बांधे रखता है।
सीमा बिस्वास एक सख्त जेलर मीरा सेन के गंभीर और सशक्त किरदार में एकदम फिट बैठती हैं और एक्टिंग के अपने लंबे अनुभव के आधार पर उन्होंने बेहद सरलता से दर्शकों के मन पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है। तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी ने भी अपने अनुभव के अनुरूप अच्छा काम किया है। ईशा देओल अपने किरदार में ठीक ठाक नजर आती हैं। दुष्यंत वाघ, प्रणति दामोदर और विवेक रघुवंशी सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है।
निर्देशक सचिन सराफ ने एक गंभीर और दिलचस्प विषय को पर्दे पर पेश करने की कोशिश की है। फिल्म की कहानी में एक्शन, इमोशन और थ्रिलर का मिश्रण है। खास बात यह है कि उन्होंने एक पुलिस अधिकारी की जिंदगी के उस पहलू को दिखाने का प्रयास किया है, जहां उसकी ताकत, पहचान, पद-प्रतिष्ठा, मान- सम्मान अचानक सवालों के घेरे में आ जाते है। फिल्म का अधिकतर हिस्सा जेल में शूट हुआ है ऐसे में जेल के माहौल और कैदी प्रताप के मानसिक संघर्ष को पर्दे पर दर्शाना चैलेंजिंग टास्क था जिसे प्रभावी तरीके से पूरा किया गया है। अमित साध के साथ अन्य सभी कलाकारों से उनके किरदार के हिसाब से सहज अभिनय करवाने में निर्देशक सफल रहे हैं।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी कहानी के गंभीर और तनावपूर्ण माहौल को पर्दे पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में मदद करती है। कैमरे का इस्तेमाल किरदारों की भावनाओं और कहानी की परिस्थितियों को उभारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जेल का वातावरण और कहानी के अलग-अलग घटनाक्रम फिल्म के विजुअल ट्रीटमेंट को प्रभावी बनाते हैं। डीओपी अनिल अक्की इसमें खरे उतरे हैं।
बैकग्राउंड म्यूजिक कहानी के तनाव और ड्रामे को मजबूती देता है। वहीं एडिटिंग फिल्म की घटनाओं को एक क्रम में आगे बढ़ाने में मदद करती है। कुल मिलाकर फिल्म का तकनीकी पक्ष इसकी कहानी और विषय के अनुरूप है।
'प्रताप' एक गंभीर विषय पर बनी एक्शन-ड्रामा थ्रिलर है, जिसमें हमेशा लाइम-लाइट में रहने वाले एक पॉवरफुल पुलिस अधिकारी के जीवन के उस हिस्से को दर्शाया गया है जब वह विषम परिस्थितियों में अर्श से फर्श पर आ गिरता है और एक विडिओ के चलते उसे जेल में एक आम कैदी की तरह संघर्ष करता है और जब पूरा सिस्टम और समाज उसके खिलाफ होता है तो कैसे वह अकेले अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा और न्याय पाने की कोशिश करता है। अमित साध सहित फिल्म में एक से बढ़कर एक धुरंधर कलाकार मौजूद हैं जो अपने अभिनय से दर्शकों को सम्मोहित कर लेते हैं। फिल्म की कहानी शुरू से लेकर अंत तक बांध कर रखती है। फिल्म पूरे परिवार के साथ बैठ कर देखी जा सकती है। अगर आपको जेल, पुलिस और कोर्ट-कचहरी से जुड़ी कहानियों के साथ मंझे हुए कलाकारों का दमदार अभिनय देखना हो तो यह आपके लिए मस्ट वाच मूवी है।