अभिनेत्री और यूनिसेफ की वैश्विक सद्भावना दूत प्रियंका चोपड़ा बांग्लादेश में रोहिंग्या शरणार्थी शिविरों के दौरे पर...
अभिनेत्री और यूनिसेफ की वैश्विक सद्भावना दूत प्रियंका चोपड़ा रोहिंग्या शरणार्थी शिविरों के दौरे पर हैं। प्रियंका ने सोमवार को अपनी एक तस्वीर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इस तस्वीर में वह विमान की खिड़की से बाहर देख रही हैं। प्रियंका ने तस्वीर ट्वीट करते हुए कहा, 'मैं यूनिसेफ फील्ड विजिट पर रोहिंग्या शरणार्थी शिविरों के दौरे पर हूं। मेरे अनुभवों को साझा करने के लिए मुझे इंस्टाग्राम पर फॉलो करें। बच्चे बेघर हो गए हैं, दुनिया को ख्याल रखने की जरूरत है। हमें ख्याल रखना चाहिए।'
प्रियंका (35) पिछले एक दशक से यूनिसेफ के साथ जुड़ी हैं। उन्हें 2010 में बाल अधिकारों के लिए यूनिसेफ का राष्ट्रीय और वैश्विक सद्भावना दूत बनाया गया था। वह पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला अधिकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्रमोट करती हैं। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, अगस्त 2017 से लेकर अब तक लगभग 7,00,000 शरणार्थी म्यांमार से पलायन कर बांगलदेश के कॉक्स बाजार पहुंच चुके हैं। पिछले साल प्रियंका ने जॉर्डन में सीरियाई शरणार्थी बच्चों से भी मुलाकात की थी। प्रियंका लंदन से ढाका के लिए रवाना हो गई हैं। वह प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल की शाही शादी में शिरकत करने लंदन गई थीं।
शानदार गाउन के लिए डायर ब्रांड का आभार जताया
प्रियंका ने उनके लिए शानदार गाउन बनाने के लिए लग्जरी डिजाइनर ब्रांड डायर को धन्यवाद कहा है। इस गाउन को उन्होंने अभिनेत्री मेघन मार्कल और ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की शाही शादी के रिसेप्शन में पहना था। प्रियंका ने सोमवार को अपनी एक तस्वीर साझा की जिसमें वह सादे मेकअप के साथ शैंपेन के रंग का चमकीला गाउन पहने नजर आ रही हैं।
प्रिंयका ने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, 'मुझे चमकदार बनाने के लिए विशेष धन्यवाद डायर। प्रतिभा और समर्पण के लिए मेरी अविश्वसनीय टीम को भी धन्यवाद।'
प्रियंका ने लिखा, 'कोई इस तरह से काम नहीं कर सकता और मैं आप लोगों के साथ काम करके और आपकी रचनात्मकता का कैनवस बनकर बहुत खुश हूं। मिमी कुट्रेल, पैटी डुब्रोफ, केन ओरॉर्की आप सब जीनियस हैं। आपको ढेर सारा प्यार।'