बॉलीवुड

दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल की पत्नी सुनीला शर्मा का हुआ निधन, 78 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

Composer Pyarelal Wife Sunila Sharma Death: लीजेंडरी कंपोजर प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला शर्मा का निधन हो गया है। उनका मुंबई में अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
2 min read
Jul 13, 2026
Composer Pyarelal Wife Sunila Sharma Passed Away
Composer Pyarelal Wife Sunila Sharma Passed Away (सोर्स- IMDb)

Composer Pyarelal Wife Sunila Sharma Passed Away: हिंदी फिल्म संगीत को दशकों तक अपनी धुनों से सजाने वाले दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल शर्मा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। परिवार की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक उन्होंने 12 जुलाई को अपने परिजनों के बीच शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर कलाकारों, प्रशंसकों और करीबी लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुनीला शर्मा भले ही फिल्मी दुनिया की चमक-दमक से दूर रहीं, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने पति प्यारेलाल शर्मा के लंबे और सफल संगीत सफर में मजबूती से साथ निभाया। परिवार और करीबी लोग उन्हें प्यार से 'अम्मा' कहकर बुलाते थे। यही वजह है कि उनके निधन की खबर ने सिर्फ परिवार ही नहीं बल्कि संगीत प्रेमियों को भी भावुक कर दिया।

परिवार ने भावुक संदेश के साथ दी जानकारी

सुनीला शर्मा के निधन की जानकारी सबसे पहले गायिका प्रियंका मित्रा ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। परिवार की ओर से जारी संदेश में बताया गया कि उन्होंने प्रेम, सादगी और सेवा से भरा जीवन जिया। मैसेज में कहा गया कि वह अपने पीछे ऐसी यादें छोड़ गई हैं, जो हमेशा परिवार और उनसे जुड़े लोगों के दिलों में जीवित रहेंगी।

मुंबई में होगा अंतिम संस्कार

परिवार ने अंतिम संस्कार की जानकारी भी साझा की है। सुनीला शर्मा का अंतिम संस्कार 13 जुलाई को मुंबई के सांताक्रूज (पश्चिम) स्थित दत्तात्रेय रोड श्मशान घाट में किया जाएगा। अंतिम विदाई में फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कई कलाकारों के शामिल होने की संभावना है।

हर कदम पर प्यारेलाल के साथ रहीं

सुनीला शर्मा हमेशा लाइमलाइट से दूर रहीं, लेकिन उन्होंने अपने पति के हर संघर्ष और सफलता में बराबरी से साथ निभाया। पिछले कई वर्षों में जब भी प्यारेलाल शर्मा किसी संगीत समारोह, अवॉर्ड फंक्शन या टेलीविजन कार्यक्रम में पहुंचे, सुनीला शर्मा अक्सर उनके साथ नजर आईं।

वो कई लोकप्रिय रियलिटी शोज जैसे इंडियन आइडल, सा रे गा मा पा और सुपरस्टार सिंगर में भी प्यारेलाल शर्मा के साथ दिखाई दी थीं। इन कार्यक्रमों में उनकी सादगी और सहज व्यवहार ने दर्शकों का दिल जीता था।

Updated on:
13 Jul 2026 12:29 pm
Published on:
13 Jul 2026 11:50 am