बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ( Rajkummar Rao ) ने बॉलीवुड में बहुत कम समय में अपना एक अलग मुकाम बनाया है। लेकिन भगवान ने उतने ही कम समय में उनके सिर से पिता का साया उठा लिया....
बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ( Rajkummar Rao ) ने बॉलीवुड में बहुत कम समय में अपना एक अलग मुकाम बनाया है। लेकिन भगवान ने उतने ही कम समय में उनके सिर से पिता का साया उठा लिया। बता दें कि राजकुमार राव के पिता सत्यपाल यादव ( Satpal Yadav ) महज 60 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह गए हैं। सत्यपाल पिछले 17 दिनों से मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट थे। गुरुवार को उन्होंने आखिरी सांस ली। शुक्रवार सुबह 10 बजे गुरुग्राम के मदन पुरी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। राजकुमार राव के पिता सत्यपाल यादव सरकारी कर्मचारी थे। इससे पहले 2017 में ही उनकी मां उन्हें छोड़कर चली गई थीं। उस वक्त वह फिल्म 'न्यूटन' की शूटिंग कर रहे थे। अब पिता के गुजर जाने पर वह शोक में हैं। उनकी करीबी और परिजन उन्हें संभाल रहे हैं।
थिएटर से की थी एक्टिंग शुरू
दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने वाले राजकुमार राव 31 अगस्त 1984 को हरियाणा के गुरुग्राम में पैदा हुए थे। गुरुग्राम से ही राजकुमार राव ने अपनी पढ़ाई पूरी की है और ग्रेजुएशन के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला लिया था। इसके बाद राजकुमार ने एफटीआईआई, पुणे से भी पढ़ाई और मायानगरी पहुंच गए। हर बच्चे की तरह राजकुमार भी एक्टर बनना चाहते थे। 10वीं क्लास में एक स्टेज परफॉर्मेंस के बाद उन्होंने एक्टिंग सीखने का मन बनाया। ये दीवानगी इस कदर हावी हुई कि राजकुमार साइकिल चलाकर गुरुग्राम से दिल्ली एक्टिंग सीखने जाने लगे। वह क्षितिज रिपर्टरी और श्रीराम सेंटर दिल्ली में थियेटर करने लगे।
'लव सेक्स धोखा' से किया डेब्यू
राजकुमार राव ने साल 2010 में आई फिल्म 'लव, सेक्स और धोखा' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 'रागिनी एमएमएस', 'काई पो चे', 'डॉली की डोली', 'बहन होगी तेरी', 'बरेली की बर्फी', 'न्यूटन', 'शादी में जरूर आना', 'ओर्मेटा', 'फन्ने खां', 'जजमेंटल है क्या' जैसी शानदार फिल्मों में उन्होंने काम किया।