बॉलीवुड

रामायण के ‘राम’ ने जताया सरकार पर भरोसा, कहा- रिहाना या किसी विदेशी को हस्तक्षेप का अधिकार नहीं

अरुण गोविल ( Arun Govil ) ने कृषि बिल मामले में जताया सरकार पर भरोसा सोशल मीडिया पर विदेशी लोगों के हस्तक्षेप को नकारा एक्टर के ट्वीट पर लोगों ने दी जमकर प्रतिक्रिया
2 min read
Feb 04, 2021
arun_govil_on_kisan_andolan.png

मुंबई। अमरीकी पॉप स्टार रिहाना, पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग, पूर्व पोर्न स्टार मिया खलीफा के किसान आंदोलन ( Kisan Andolan ) के समर्थन में सोशल मीडिया सपोर्ट के बाद भारतीय कलाकार भी अपना मत रख रहे हैं। अक्षय कुमार, अजय देवगन, सुनील शेट्टी, करण जौहर, लता मंगेशकर, सचिन तेंदुलकर सहित कई क्रिकेटर्स ने देश के आंतरिक मामलों में बाहरी हस्तक्षेप को नकारा है। इसी बीच लोकप्रिय टीवी सीरियल 'रामायण' में राम का किरदार निभाने वाले कलाकार अरुण गोविल ( Arun Govil ) ने भारत सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा है कि विदेशी लोगों को देश के आंतरिक मामलों में हस्तेक्षप का अधिकार नहीं है।

'भारत कृषि प्रधान, श्रीराम का देश'
अरुण गोविल ने अपने आधिकारिक ट्वीटर अकांउट पर पोस्ट ट्वीट में लिखा,' भारत कृषि प्रधान और सर्वे भवंतु सुखिनः के आदर्श पर चलने वाला श्रीराम का देश है। हमारे देश की सरकार और मा.प्रधानमंत्री को अपने घरेलू विवाद समझने सुलझाने की पूरी समझ है। किसान आंदोलन के मुद्दे पर रेहाना या किसी भी विदेशी व्यक्ति या देश को इसमें हस्तक्षेप करने का कोई अधिकार नहीं है।' बता दें कि अरुण गोविल ने राम का किरदार निभाकर देश के घर-घर में पहचान बनाई थी। 'रामायण' के प्रसारण के दौरान लोग उनकी पूजा तक करते थे।

पोस्ट पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
अरुण गोविल के इस पोस्ट पर सोशल मीडिया में कई तरह के रिएक्शन आए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अरुण को किसानों का समर्थन करना चाहिए था। उन्हें सरकार का पक्ष लेने की जरूरत नहीं। वहीं, कुछ लोगों ने देश का समर्थन करने के लिए उनका आभार जताया।

ग्रेटा ने डिलीट किया ट्वीट
सोशल मीडिया पर ग्रेटा थनबर्ग के एक डिलीटेड ट्वीट का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है। दावा किया गया है कि ग्रेटा ने किसान आंदोलन की प्लानिंग का डॉक्यूमेंट गलती से ट्वीट कर दिया था। हालांकि बाद में उसे डिलीट कर दिया। जब इसे लेकर ग्रेटा को ट्रोल किया जाने लगा, तो उन्होंने वापस नया डॉक्यूमेंट शेयर कर कहा कि ये अपडेटेड है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने ग्रेटा पर एफआईआर दर्ज कर ली। इसमें कहा गया कि ग्रेटा ने भड़काउ बातें की थीं।

Published on:
04 Feb 2021 09:12 pm