
शहजाद पूनावाला (फोटो सोर्स- ANI)
Shehzad Poonawalla Rise and Fall: राजनीतिक गलियारों में सक्रिय रहे शहजाद पूनावाला अब मनोरंजन की दुनिया में एक नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला अब प्राइम वीडियो के रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' में कंटेस्टेंट के तौर पर दिखाई देंगे। शो के नए प्रोमो में उनके नाम पर मुहर भी लग गई है। इस सीजन में उनके साथ अभिनेत्री स्वरा भास्कर, टीवी एक्टर करण पटेल और ‘बिग बॉस 16’ से चर्चित हुईं प्रियंका चाहर चौधरी भी नजर आएंगी।
शहजाद पूनावाला का रियलिटी शो में आना ऐसे समय में हुआ है जब उन्होंने हाल ही में बीजेपी से अपनी राजनीतिक पारी अलग करने का फैसला किया है। अगस्त 2026 में उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया था। उन्होंने बताया था कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। उस समय उन्होंने अपनी निजी और आर्थिक परिस्थितियों का भी जिक्र किया था।
पूनावाला ने अपने इस्तीफे के संदर्भ में कहा था कि वह निजी क्षेत्र में जाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के काम व विचारधारा के प्रति अपना समर्थन जारी रखने की बात भी कही थी।
अब राजनीति से अलग हटकर उनका अगला पड़ाव रियलिटी टीवी बनने जा रहा है। शो में उनकी एंट्री की खबर सामने आने के बाद उनके भाई तहसीन पूनावाला ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि वह उम्मीद करते हैं कि शहजाद ‘Rise’ करें और ‘Fall’ से बचें।
Rise and Fall एक ऐसा रियलिटी शो है जिसमें प्रतियोगियों को सत्ता और संसाधनों के लिहाज से अलग-अलग भूमिकाओं में रखा जाता है। शो के फॉर्मेट में ‘रुलर्स’ और ‘वर्कर्स’ दो स्तर हैं। गेम के दौरान परिस्थितियों और फैसलों के आधार पर कंटेस्टेंट्स की स्थिति बदल सकती है। यानी जो खिलाड़ी ऊपर है, वह नीचे जा सकता है और नीचे रहने वाला खिलाड़ी ऊपर पहुंच सकता है। प्राइम वीडियो के आधिकारिक विवरण में भी शो को रणनीति, गठजोड़, चुनौतियों और बदलती परिस्थितियों पर आधारित बताया गया है।
‘Rise and Fall’ के दूसरे सीजन में एक और बड़ा बदलाव किया गया है। इस बार भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग शो की मेजबानी करते नजर आएंगे। वह पहले सीजन के होस्ट अशनीर ग्रोवर की जगह ले रहे हैं। यह सहवाग का रियलिटी शो होस्ट के तौर पर नया अनुभव होगा।
शो के दूसरे सीजन में कुल 15 कंटेस्टेंट्स के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल शुरुआती चार नामों की घोषणा की गई है। ‘Rise and Fall Season 2’ का प्रीमियर 26 सितंबर 2026 को होगा, जबकि शो के एपिसोड रोजाना स्ट्रीम किए जाएंगे।
Updated on:
17 Sept 2026 04:54 pm
Published on:
17 Sept 2026 04:54 pm
