बॉलीवुड

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का ट्रेलर हुआ Leak, यश के रावण अवतार की भी दिखी झलक

Ramayana Trailer Leak: रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म रामायण का ट्रेलर दिल्ली में दिखाया गया। हालांकि अब ऑनलाइन भी रणबीर की फिल्म की झलक देखने को मिल रही है।
2 min read
Jul 19, 2026
Ramayana Trailer Leak
रामायण का ट्रेलर हुआ लीक ( फोटो सोर्स- Twitter/@Sssuperhero55)

Ramayana Trailer Leak: रणबीर कपूर की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' पिछले कई महीनों से चर्चा में बनी हुई है। फिल्म का हर अपडेट फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा रहा है। इसी बीच दिल्ली में आयोजित फिल्म के 'प्रथम संकल्प' लॉन्च इवेंट के बाद सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल होने लगे, जिन्हें फिल्म के ट्रेलर का हिस्सा बताया जा रहा है। हालांकि इन वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इंटरनेट पर इनके सामने आने के बाद फिल्म को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

ट्रेलर दिखाया गया, लेकिन लाइव स्ट्रीम में नहीं

फिल्म की टीम ने दिल्ली में आयोजित लॉन्च इवेंट को दुनियाभर के दर्शकों के लिए लाइव स्ट्रीम किया था। हालांकि जब भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों को ट्रेलर दिखाया गया, उस दौरान लाइव प्रसारण रोक दिया गया। इसके बावजूद कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए, जिनमें दावा किया गया कि ये फिल्म के ट्रेलर की झलकियां हैं।

यही वजह है कि फैंस के बीच सवाल उठने लगे कि आखिर इतनी सख्ती के बावजूद वीडियो बाहर कैसे पहुंच गए। फिलहाल मेकर्स की ओर से इस कथित लीक पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

वीडियो में दिखे कई बड़े किरदार

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पहली बार रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के रूप में दिखाई दे रहे हैं। वहीं साई पल्लवी सीता, यश रावण, अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकेयी के किरदार में नजर आ रही हैं।

कथित वीडियो में दशरथ को एक भविष्यवाणी सुनते हुए दिखाया गया है, जिसमें कहा जाता है कि उनका पुत्र रावण के आतंक का अंत करेगा। इसके अलावा श्रीराम का घुड़सवारी करते हुए धनुष-बाण का अभ्यास, वनवास स्वीकार करने का दृश्य और सीता स्वयंवर में शिव धनुष उठाने जैसी झलकियां भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

दिल्ली में हुआ था भव्य लॉन्च

फिल्म के 'प्रथम संकल्प' इवेंट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी समेत पूरी स्टारकास्ट मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान नमित मल्होत्रा ने कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का सपना है, जिस पर दुनिया भर के हजारों लोगों ने काम किया है।

रावण की भूमिका निभा रहे यश ने भी कहा कि पूरी टीम एक ही उद्देश्य के साथ काम कर रही है ताकि भगवान श्रीराम की कथा दुनिया के हर कोने तक पहुंच सके। वहीं हनुमान का किरदार निभा रहे सनी देओल ने इस भूमिका को अपने करियर का सम्मान बताया।

24 जुलाई को आएगा ऑफिशियल ट्रेलर

फिल्म के मेकर्स पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि 24 जुलाई को 'रामायण' का आधिकारिक ट्रेलर वैश्विक स्तर पर रिलीज किया जाएगा। ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो असली हैं या नहीं, इसका जवाब भी उसी दिन मिल सकता है।

फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। इसे प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर बना रहे हैं। खास बात यह है कि फिल्म के संगीत पर ऑस्कर विजेता हांस जिमर और ए.आर. रहमान साथ काम कर रहे हैं। 'रामायण: पार्ट वन' इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Updated on:
19 Jul 2026 12:34 pm
Published on:
19 Jul 2026 12:34 pm