
करण जौहर ‘ओशो’ आचार्य रजनीश की बायोपिक बनाने जा सकते हैं। उनकी इस फिल्म में बॉलीवुड के अभिनेता रणवीर सिंह नजर आ सकते हैं। करण जौहर ने भी रणवीर को 'धर्मा प्रोडक्शन' की एक फिल्म के लिए कास्ट कर लिया है।
अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों हर निर्देशक की पहली पसंद बन गए हैं। सुनने में आ रहा है कि करण जौहर ‘ओशो’ आचार्य रजनीश की बायोपिक बनाने जा रहे हैं, जिसमें वो रणवीर को ‘ओशो’ के किरदार में देखना चाहते हैं। रणवीर की इस बायोपिक का निर्देशन शकुन बत्रा करेंगे। 'ओशो' की बायोपिक को बड़े बजट में बनाया जाएगा।
इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज किया जाएगा क्योंकि कई देशों में 'ओशो' को मानने वाले उनके भक्त हैं। बॉलीवुड में भी 'ओशो' को मानने वालों में विनोद खन्ना और महेश भट्ट जैसे दिग्गज भी शामिल हैं। चर्चा ये भी है कि करण जौहर के इस प्रोजेक्ट को रणवीर ने हां कर दिया है।
'खिलजी'के किरदार को लोगों ने किया पसंद:
रणवीर की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'पद्मावत' की बात करें तो ये बॉलीवुड की विवादित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में उनके 'खिलजी' के किरदार को काफी सराहा गया। उनके साथ इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर ने भी बेहतर अभिनय किया है।
आलिया संग दिखेंगे 'गली बॉय' में:
रणवीर की फिल्म 'गली बॉय' मुंबई की गलियों में रहने वाले स्ट्रीट रैपर्स की कहानी है, जो रियल लाइफ से प्रेरित है। यह विषय जोया अख्तर के दिमाग में बहुत पहले से था। उन्होंने इसके बारे में कई बार जिक्र भी किया था। पहले चर्चा थी कि इसमें रणबीर कपूर होंगे। फिर वरुण धवन के नाम की चर्चा हुई। फाइनली इस फिल्म में रणवीर सिंह और आलिया को कास्ट किया गया है।
‘सिंबा’ में पुलिस वाले के रोल में दिखेंगे रणवीर:
रणवीर सिंह एक और प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म का नाम है ‘सिंबा’। इस फिल्म में वो पहली बार एक पुलिस वाले की भूमिका निभाते नजर आएंगे। बता दें कि इस फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी करेंगे।