रिद्धिमा के जन्म के वक्त ऋषि कपूर और नीतू काफी खुश थे। एक्टर रिद्धिमा से इतना प्यार करते थे कि उनकी वजह से ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) ने अपनी सबसे बुरी लत सिगरेट को छोड़ दिया था।
नई दिल्ली: बॉलीवुड के वर्सेटाइल एक्टर ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके बेटे रणबीर कपूर ने उन्हें मुखाग्नि दी। ऋषि कपूर भले ही अब इस दुनिया में न हों, लेकिन वह अपने पीछे अभिनय की एक बड़ी विरासत छोड़ कर गए हैं। ऋषि कपूर ने 1980 में नीतू कपूर (Neetu Kapoor) से शादी से की थी। जिसके आठ महीने बाद उनके घर रिद्धिमा कपूर (Riddhima Kapoor) का जन्म हुआ। ऋषि कपूर को अगर सबसे ज्यादा किसी से लगाव था तो वह उनकी लाडली बेटी ही थीं। रिद्धिमा के जन्म के वक्त ऋषि कपूर और नीतू काफी खुश थे। एक्टर रिद्धिमा से इतना प्यार करते थे कि उनकी वजह से ऋषि कपूर ने अपनी सबसे बुरी लत सिगरेट को छोड़ दिया था।
इस बात का खुलासा ऋषि कपूर ने अपनी बायोग्राफी (Rishi Kapoor Biography) 'खुल्लम खुल्ला' में किया है। ऋषि कपूर काफी सिगरेट पिया करते थे। लेकिन एक दिन जब वह रोजाना की तरह सुबह उठकर अपनी बेटी रिद्धिमा को किस कर रहे थे तो बेटी ने कहा मैं अब आपको किस नहीं करूंगी, क्योंकि आपके मुंह से बहुत बदबू आती है। बस फिर क्या था बेटी के प्यार के लिए ऋषि कपूर ने सिगरेट को जिंदगी भर के लिए त्याग दिया। इस वाक्ये के बाद ऋषि कपूर ने कभी सिगरेट को हाथ तक नहीं लगाया। लेकिन जब ऋषि कपूर की अंतिम विदाई का वक्त आया तो बेटी रिद्धिमा उनके दर्शन तक नहीं कर पाईं। वह दिल्ली से मुंबई के लिए निकली थीं लेकिन अंतिम संस्कार के वक्त नहीं पहुंच पाईं।
ऋषि कपूर ने बताया था कि जब उनके बेटी रिद्धिमा की शादी तय हो गई थी तो वह अकेले में बैठकर खूब रोया करते थे। उन्हें अपनी बेटी के दूर होने का बहुत ही दुख था। जैसे-जैसे रिद्धिमा की शादी का वक्त नजदीक आ रहा था, वैसे-वैसे बेटी से दूर होने का दर्द बढ़ता जा रहा था। 26 जनवरी 2006 को रिद्धिमा की शादी दिल्ली के व्यापारी रिद्धिमा से हो गई। शादी के बाद ऋषि कपूर रोजाना अपने बेटी से वीडियो कॉल के जरिए बात करते थे और जिस दिन बेटी किसी कारण फोन न उठा सके तो वह दुखी हो जाया करते थे। जिसके बाद नीतू को उन्हें समझाना पड़ा कि अब रिद्धिमा के ऊपर बहुत सारी जिम्मेदारियां हैं, जिसके कारण वह बिजी हो गई हैं।