बॉलीवुड

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में खुलासे के बाद अक्षय कुमार के घर लगे बुलटप्रूफ ग्लास, सलमान खान की भी बढ़ी सिक्योरिटी

Tiger Shroff Firing Incident: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के फायरिंग मामले में आरोपियों के खुलासे के बाद अब सलमान खान और अक्षय कुमार के घरों की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
3 min read
• •
Oct 21, 2026
Tiger Shroff Firing Incident
टाइगर श्रॉफ (फोटो सोर्स- IANS)

Tiger Shroff Firing Incident: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बाद अब इस घटना का असर बॉलीवुड के दूसरे सितारों की सुरक्षा पर भी दिखाई देने लगा है। टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच के दौरान सामने आई जानकारी के बाद अभिनेता सलमान खान और अक्षय कुमार के घरों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सलमान खान के घर पर लगे बुलेटप्रूफ सुरक्षा इंतजामों को भी मजबूत किया जा रहा है, जबकि अक्षय कुमार के घर पर बुलेटप्रूफ कांच लगाने का काम शुरू होने की जानकारी सामने आई है।

सलमान खान को बनाया जाना था निशाना

टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच में कथित तौर पर यह बात सामने आई है कि हमलावरों का शुरुआती निशाना सलमान खान थे। जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि आरोपियों ने सलमान खान के घर की रेकी भी की थी।

हालांकि, सलमान खान के घर के बाहर भारी सुरक्षा व्यवस्था देखकर हमलावरों ने कथित तौर पर अपना इरादा बदल दिया। इसके बाद उन्होंने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

सलमान खान को पहले से ही प्रशासन की ओर से वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के दौरान उन्हें मुंबई के कलीना स्थित निजी हवाई अड्डे से रवाना होते हुए भी देखा गया था।

सलमान के घर की सुरक्षा और मजबूत होगी

हमले के बाद सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। घर में लगे बुलेटप्रूफ कांच के सुरक्षा कवच को भी उन्नत किए जाने की जानकारी सामने आई है।

इसके अलावा घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती और निगरानी बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात पर भी नजर रख रही हैं कि सलमान खान की गतिविधियों और उनके घर की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी किसी संदिग्ध व्यक्ति तक न पहुंचे।

अक्षय कुमार के घर पर भी बुलेटप्रूफ कांच

टाइगर श्रॉफ मामले के बाद अभिनेता अक्षय कुमार के घर की सुरक्षा को लेकर भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। उनके आवास के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

इसके साथ ही अक्षय कुमार के घर पर बुलेटप्रूफ कांच लगाने का काम भी शुरू होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अक्षय कुमार को लेकर किसी सीधे हमले की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सावधानी बरत रही हैं।

टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी गोलीबारी

टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में गोलीबारी की गई थी। अभिनेता फुटबॉल मैच खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे, तभी उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं। घटना में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, जबकि उनके चालक और एक राहगीर के घायल होने की जानकारी सामने आई।

इस मामले में बिहार के बेगूसराय निवासी 22 वर्षीय ऋतिक उर्फ रोशन, हरियाणा के सोनीपत निवासी 18 वर्षीय रेहान और हरियाणा के ही 18 वर्षीय फूल सिंह को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया था। तीनों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

बॉलीवुड सितारों ने जताई चिंता

टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद बॉलीवुड के कई कलाकारों ने घटना की निंदा की है। सुनील शेट्टी, रणवीर शौरी, अमाल मलिक और मीका सिंह समेत कई सितारों ने हमले पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई और टाइगर श्रॉफ तथा उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

टाइगर श्रॉफ ने अब तक इस घटना पर सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत बयान नहीं दिया है। हालांकि, उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर घटना को लेकर बातचीत की है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और हमले के पीछे की पूरी साजिश तथा आरोपियों के कथित संबंधों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Updated on:
21 Oct 2026 12:23 pm
Published on:
21 Oct 2026 12:23 pm