
कैटरीना कैफ की बहन इसाबेल इन दिनों अपने बॉलीवुड डेब्यू को लेकर सुख्रियों में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इसाबेल डांस बेस्ड फिल्म 'टाइम टू डांस' से आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली के अपोजिट डेब्यू करेंगी। वहीं अब खबर आ रही हैं कि सलमान खान भी इस फिल्म में इसाबेल के साथ डांस करते नजर आएंगे। इस बात का खुलासा एक अंग्रेजी वेबसाइट ने किया है। रिपोर्ट के अनुसार, सलमान अपनी 20 साल पुरानी फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' के फेमस सॉन्ग 'ओ ओ जाने जाना' पर इसाबेल के साथ डांस करते नजर आएंगे।
इस गाने को रीक्रिएट किया जाएगा जिसमें कुछ बदलाव भी किए जाएंगे। हालांकि, इसे कमाल खान ही गाएंगे जिन्होंने पहले इसे गाया था। इस गाने के साथ कमाल सालों बाद बॉलीवुड में कमबैक करेंगे। सूत्रों की मानें तो इस गाने को शिवाजी व्यास कम्पोज करेंगे जो इस समय 'रेस 3' में काम कर रहे हैं। फिल्म में इसाबेल और सूरज सालसा से लेकर पासो दोबले तक, कई इंटरनेशनल डांस फॉर्म को परफॉर्म करते दिखेंगे। इस फिल्म की कहानी रेमो डिसूजा ने लिखी है और उनके सहायक रहे स्टेनली डिकोस्टा डायरेक्ट करेंगे।
सलमान की 'दबंग 3' का हुआ ऐलान
सलमान खान एक बार फिर दबंग अदांज में दिखाई देने वाले हैं। जल्द ही वह अरबाज खान द्वारा निर्देशित फिल्म 'दबंग 3' की शूटिंग में जुटने वाले हैं। इस फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया है। फिल्म 9 दिसंबर को रिलीज की जाएगी। इस फिल्म को प्रभु देवा लिख रहे हैं। वहीं फिल्म को अरबाज खान ही प्रोड्यूस कर रहे है।
सलमान की अपकमिंग फिल्में
इस वक्त सलमान अपनी आने वाली फिल्म 'रेस 3' के आखिरी शूट्स में व्यस्त हैं। इन दिनों फिल्म की शूटिंग अबूधाबी में चल रही है। फिल्म के पोस्टर्स रिलीज किए जा चुके हैं। 'रेस 3' में सलमान के अलावा जैकलीन फर्नांडिस, डेजी शाह, बॅाबी देओल, अनिल कपूर भी अहम किरदार निभा रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग पूरे होते ही सलमान 'दबंग3' की तैयारियों में जुट जाएंगे। इसके अलावा सलमान खान जल्द ही टीवी पर 'दस का दम' शो और 'भारत' की शूटिंग भी शुरु करेंगे।