पर्सनल लाइफ में शाहरुख खान के दिल पर सिर्फ एक लड़की का राज है। वो है उनकी पत्नी गौरी खान।
आज बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। किंग खान के नाम से मशहूर शाहरुख आज हर लड़की की धड़कन हैं। शाहरुख ने इस इंडस्ट्री को 90 से भी अधिक फिल्में दी हैं। उन्हें ज्यादातर अपने रोमांटिक रोल्स के लिए पसंद किया जाता है। प्रोफेशनल लाइफ में तो बादशाह ने बहुत लड़कियों के साथ रोमांस किया है। लेकिन पर्सनल लाइफ में उनके दिल पर सिर्फ एक लड़की का राज है। वो है उनकी पत्नी गौरी खान।
गौरी का रिश्ता उस वक्त शाहरुख से जुड़ा था जब उनकी इंडस्ट्री में कोई खास पहचान नहीं थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। धर्म अलग होने के कारण किंग खान और गौरी को कई मुश्किलों से गुजरना पड़ा। लेकिन अंत में इन दोनों ने एक दूसरे का हाथ थाम लिया। आज शादी के इतने साल बाद भी दोनों का एक दूसरे के लिए प्यार बरकरार है। लेकिन क्या आप जानते हैं एक वक्त ऐसा भी आया था जब शाहरुख की एक हरकत से परेशान होकर गौरी उन्हें छोड़कर चली गई थीं।
बता दें कि 1991 में शाहरुख से शादी करने से पहले गौरी का पूरा नाम गौरी छिब्बर था। गौरी दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज से पढ़ी हैं। दोनों की पहली मुलाकात 1984 में एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी के दौरान हुई थी। तब शाहरुख सिर्फ 18 साल के थे। शाहरुख पहले गौरी को लेकर बहुत पोजेसिव थे। उन्हें गौरी का दूसरों से बात करना, बाल खुले रखना पसंद नहीं था। इससे परेशान होकर गौरी एक दिन उन्हें छोड़कर मुंबई चली गई थीं।
लेकिन शाहरुख भी कहां मानने वाले थे और वो गौरी से मिलने मुंबई पहुंच गए। शाहरुख को वहां देखकर गौरी भी काफी इमोशनल हो गई और दोनों ने उस वक्त फैसला किया कि वो अब शादी करेंगे।
दोनों ने 1991 में शादी कर ली थी। दोनों के 3 बच्चे हैं आर्यन, सुहाना और अबराम।