
इस वक्त बॅालीवुड जगत में तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर का विवाद सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है। इस गर्माए माहौल में कई एक्ट्रेसेस हिम्मत कर मीडिया के सामने अपनी आप बीती सुना रही हैं। नाना के बाद यौन उत्पीड़न को लेकर कई और बड़े स्टार्स और सिंगर्स पर आरोप लगाया गया है। उन्हीं में से एक नाम है कैलाश खेर। हाल में कैलाश पर एक जर्नलिस्ट ने गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्होंने माफी मांग ली थी। अब इसी मुद्दे पर मशहूर सिंगर सोना मोहापात्रा का बयान सामने आया है। उन्होंने भी कैलाश खेर पर संगीन आरोप लगाए हैं।
सोना ने ट्विटर के जरिए कैलाश पर आरोप लगाया कि, 'इस शख्स की बेशर्मी की हद ये है कि ये खुद को सिंपल बताता है। संगीत के लिए खुद को समर्पित बताता है, और उपर से खुद को भूलने की बीमारी की बात तक कहता है।
अगर इसने मेरा फायदा उठाने की कोशिश की है तो इसका मतलब इसके लिए तो ये आम बात है। मैं इन दो महिलाओं की ही नहीं बल्कि ये दावे के साथ कह सकती हूं कि कैलाश ने ऐसा और भी न जाने कितनी ही महिलाओं के साथ किया होगा।'
सोना ने ट्वीट में लिखा, ' मैं कैलाश से पृथ्वी कैफे में मिली थी,हमारे आने वाले एक कॉन्सर्ट के बारे में बात करने के लिए। हमारे बैंड्स प्ले कर रहे थे और हमेशा की तरह उनका हाथ मेरी थाई (जांघ) पर था। हाथ रखे हुए कैलाश खेर ने कहा कि तुम बेहद खूबसूरत हो, अच्छा हुआ तुम एक सिंगर को मिली (यहां वो उनके पति राम की बात कर रहे हैं।) न की किसी एक्टर को। बस इसी के बाद मैं तुरंत में वहां से निकल गई।'