हाल में सोनम ने फिल्म में अपने किरदार को लेकर खुलासा किया है।
बॅालीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर जल्द ही राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित संजय दत्त की बायोपिक में नजर आने वाली हैं। फिल्म में रणबीर कपूर एक्टर संजय दत्त की भूमिका में नजर आएंगे। हाल में सोनम ने फिल्म में अपने किरदार को लेकर खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में वह किसी अभिनेत्री का किरदार नहीं निभाएंगी। बल्कि उनका किरदार फिल्म में काफी अलग है।
सोनम ने बताया किरदार के बारे में
एक इंटरव्यू के दौरान सोनम ने 'दत्त' बायोपिक में अपने रोल को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा,' मूवी में मेरा छोटा लेकिन अहम किरदार है। हालांकि लोग जैसा सोच रहे हैं, मेरा किरदार वैसा नहीं है। मैं किसी एक्ट्रेस की भूमिका में नहीं हूं। मुझे इस बारे में कुछ बोलने की अनुमति नहीं है। राजकुमार हिरानी के साथ काम कर के अच्छा लगा। उनकी वजह से मैंने फिल्म के लिए हामी भरी थी।'
दत्त बायोपिक की स्टार कास्ट
गौरतलब है कि 'दत्त' बायोपिक में सोनम कपूर और रणबीर कपूर के अलावा अनुष्का शर्मा , मनीषा कोइराला, दिया मिर्जा भी अहम किरदार निभा रहे हैं। अभी तक फिल्म का टाइटल अनाउंस नहीं किया गया है।
सोनम की मई में होगी शादी
काफी समय से सोनम कपूर और उनके बिजनेसमैन बॉयफ्रेंड आनंद आहूजा की शादी की अटकलें लगाई जा रही थीं । लेकिन अब उनकी शादी की बात साफ हो चली है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, 32 वर्षीय सोनम 11और 12 मई को जिनेवा में शादी करने जा रही हैं। उनकी वेडिंग प्लान करने वाली टीम के एक सूत्र ने बताया कि सोनम की शादी के लिए डेट और वेन्यू फिक्स कर दिया गया। अब पूरे परिवार और उनके रिश्तेदारों की फ्लाइट बुक की जा रही है। सोनम के पिता अनिल कपूर पर्सनली लोगों को फोन कर शादी के लिए इनवाइट कर रहे हैं। इस शादी में पहले संगीत और मेहंदी की रस्म निभाई जाएगी, अगले दिन हिंदू रीति रिवाज से शादी की जाएगी।