बॉलीवुड

17 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक के सपोर्ट में उतरीं जीनत अमान, पोस्ट कर सरकार से की अपील

Zeenat Aman Sonam Wangchuk: वेटरन एक्ट्रेस जीनत अमान ने एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की 17 दिन से जारी भूख हड़ताल पर चिंता जताते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर की और सरकार से शांतिपूर्ण बातचीत की अपील की। जानें उन्होंने और क्या कुछ कहा।
3 min read
Jul 14, 2026
Zeenat Aman on Sonam Wangchuk
सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर ज़ीनत अमान। (फोटो सोर्स: thezeenataman)

Zeenat Aman on Sonam Wangchuk: एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (Cockroach Janata Party) के साथ भूख हड़ताल शुरू किए हुए 17 दिन हो गए हैं। वहीं, संगठन का कहना है कि उनका मसल मास कम हो रहा है और उन्हें सेहत से जुड़ी परेशानियां हो रही हैं, ऐसे में कई लोगों ने उनके समर्थन में आवाज उठाई है। इन लोगों में बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने भी उनको सुपोत करते हुए भारत सरकार से अपील की है कि बहुत देर होने से पहले एक्टिविस्ट के साथ एक बार शांतिपूर्ण बातचीत की जानी चाहिए।

जीनत अमान ने सोनम वांगचुक के सपोर्ट में किया पोस्ट

एक्ट्रेस जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम पर सोनम की एक तस्वीर पोस्ट की और उनके समर्थन में एक नोट लिखा। उन्होंने लिखा, "आज मेरे विचार देश की राजधानी में हैं, जहां @wangchuksworld अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के 17वें दिन में हैं।" उन्होंने आगे लिखा, "मैंने एक न्यूज आर्टिकल में में पढ़ा कि मिस्टर वांगचुक का "…मसल मास कम होने लगा है और उन्हें बहुत दर्द हो रहा है।" और जब उनसे भूख हड़ताल खत्म करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, "मुझसे उपवास खत्म करने के लिए मत कहो। सरकार से पूछो कि वो बातचीत क्यों नहीं कर रहे हैं।"

बॉलीवुड किरदार "फुंसुक वांगडू" की प्रेरणा हैं सोनम वांगचुक

इसके साथ ही बॉलीवुड एक्ट्रेस ने सोनम वांगचुक की उपलब्धियों के बारे में भी लिखा: मिस्टर वांगचुक SECMOL के संस्थापक हैं, आइस स्तूप के आविष्कारक हैं, लद्दाख में शिक्षा सुधार के अग्रदूत हैं, पर्यावरण और समुदाय के प्रति समर्पित एक्टिविस्ट हैं, और उस बेहद लोकप्रिय बॉलीवुड किरदार "फुंसुक वांगडू" की प्रेरणा हैं, जिसे आमिर खान ने '3 इडियट्स' में बहुत शानदार ढंग से निभाया था।

जीनत ने आगे लिखा, "मिस्टर वांगचुक की इच्छाओं का सम्मान करते हुए, मैं भारत सरकार से इस मामले पर बातचीत शुरू करने की अपील करती हूं, क्योंकि ये पूरे भारत के भविष्य से जुड़ा है।" उन्होंने कहा, "हमें ऐसा समाज नहीं बनना चाहिए जो चुपचाप बैठकर अपने सबसे बेहतरीन लोगों में से एक को कुर्बान होते देखे।"

एक्टर अभय देओल ने भी जाहिर की चिंता

बॉलीवुड एक्टर अभय देओल ने भी अपने इंस्टाग्राम पर सोनम वांगचुक की एक फोटो शेयर करते हुए और टूटे हुए दिल वाला इमोजी लगाकर उनके प्रति अपनी चिंता जाहिर की।

ओमी वेद्य ने वीडियो मैसेज किया शेयर

'3 इडियट्स' के चतुर यानी एक्टर ओमी वैद्य ने भी एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिल्म '3 Idiots' का चर्चित किरदार फुंसुख वांगडू वास्तविक जीवन में सोनम वांगचुक से प्रेरित था। ओमी ने भावुक शब्दों में कहा कि वह नहीं चाहते कि समाज को प्रेरित करने वाली ऐसी शख्सियत किसी दुखद स्थिति का सामना करे।

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल

जानकारी के लिए बता दें कि CJP जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहा है और NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। सोनम 28 जून को इस प्रोटेस्ट में शामिल हुए और तब से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। बात दें कि आने वाली 20 जुलाई को संगठन ने संसद तक मार्च करने की घोषणा की है।

कई सेलेब्स ने इस प्रोटेस्ट को खत्म करने की अपील की

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लेखिका अरुंधति रॉय, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह और रत्ना पाठक शाह, फिल्म निर्माता संजय काक और अन्य लोगों ने सोमवार को CJP से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की। ​​उनके बयान का एक हिस्सा था, "हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आगे की लंबी और कठिन लड़ाई को ध्यान में रखते हुए कृपया इस भूख हड़ताल को तुरंत खत्म करने पर विचार करें। यह लड़ाई मैराथन की तरह है, स्प्रिंट की तरह नहीं, और आने वाले दिनों में हमें आपकी, आपकी ताकत और आपके नेतृत्व की ज़रूरत है।"

Updated on:
14 Jul 2026 01:45 pm
Published on:
14 Jul 2026 01:06 pm